Samachar Nama
×

मार्गशीर्ष माह में स्नान और दान का विशेष महत्व, जानें क्यों भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय है यह महीना

मार्गशीर्ष माह में स्नान और दान का विशेष महत्व, जानें क्यों भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय है यह महीना

हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष माह को बेहद पवित्र और शुभ माना गया है। इसे अगहन और अग्रहायण के नाम से भी जाना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण का इस महीने से विशेष संबंध है। श्रीमद्भगवद्गीता में उन्होंने स्वयं कहा है कि सभी महीनों में वे मार्गशीर्ष हैं। यही वजह है कि इस पूरे महीने में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करना विशेष फलदायी माना जाता है।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सतयुग में देवताओं ने मार्गशीर्ष माह की पहली तिथि से ही वर्ष की शुरुआत की थी। इस महीने में पूजा-पाठ के साथ स्नान और दान का भी विशेष महत्व बताया गया है।

मार्गशीर्ष में स्नान करने की परंपरा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष माह में गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों में स्नान करना पुण्यदायी माना जाता है। यदि किसी कारणवश नदी में स्नान करना संभव न हो, तो घर पर भी विशेष विधि से स्नान किया जा सकता है।इसके लिए स्नान के पानी में तुलसी की जड़ की मिट्टी और तुलसी के पत्ते मिलाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से तन और मन की शुद्धि होती है और व्यक्ति के जीवन में सकारात्मकता आती है। स्नान करते समय 'ॐ नमो नारायणाय' या गायत्री मंत्र का जाप करना भी शुभ माना गया है।

स्नान, दान और पूजा से मिलती है श्रीकृष्ण की कृपा

धार्मिक ग्रंथों में मार्गशीर्ष महीने के दौरान स्नान, दान और भगवान की आराधना की विशेष महिमा बताई गई है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों को भी इस महीने का महत्व समझाया था। कहा जाता है कि मार्गशीर्ष में श्रद्धापूर्वक स्नान, दान और पूजन करने से भगवान की कृपा प्राप्त होती है।इसी मान्यता के चलते इस महीने में गंगा और दूसरी पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा है। जिस तरह कार्तिक, माघ और वैशाख मास में गंगा स्नान को पुण्यदायी माना जाता है, उसी तरह मार्गशीर्ष में भी पवित्र नदियों में स्नान का विशेष महत्व है।

मार्गशीर्ष पूर्णिमा क्यों है खास?

मार्गशीर्ष माह की पूर्णिमा का धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इस दिन पवित्र नदी या सरोवर में स्नान, दान और व्रत करने की परंपरा है। श्रद्धालु भगवान श्रीसत्यनारायण की पूजा करते हैं और उनकी कथा का श्रवण करते हैं। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान और सच्ची श्रद्धा से पूजा करने पर भगवान का आशीर्वाद मिलता है।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यदि पूर्णिमा तिथि सूर्योदय के समय मौजूद हो, तो उस दिन पवित्र नदी या सरोवर में स्नान करना विशेष फलदायी माना जाता है। स्नान के बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र, धन और जरूरत की अन्य चीजों का दान करना चाहिए।मान्यता है कि मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर किए गए स्नान और दान का फल सामान्य दिनों की तुलना में 32 गुना अधिक मिलता है। इसी वजह से इस पूर्णिमा को बत्तीसी पूर्णिमा भी कहा जाता है।

Share this story

Tags