बाबा जय श्री श्याम हरे…बाबा खाटू श्याम के जन्मदिन पर शाम में गाएं आरती, जानें सही समय
आज 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बाबा खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव यानी पाटोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूधाम में इस खास मौके पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित किया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर के श्रद्धालु अपने घरों में भी बाबा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाता है। भक्त इस दिन बाबा को फूल, प्रसाद और दीपक अर्पित करते हैं। साथ ही श्याम आरती गाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। अगर आप भी घर पर बाबा का जन्मदिन मना रहे हैं तो शाम के समय उनकी आरती कर सकते हैं।
शाम को कितने बजे करें बाबा खाटू श्याम की आरती?
20 नवंबर को सूर्यास्त का समय शाम 5 बजकर 26 मिनट बताया गया है। ऐसे में घर पर पूजा करने वाले भक्त सूर्यास्त के बाद दीपक जलाकर बाबा खाटू श्याम की आरती कर सकते हैं। खाटूधाम मंदिर की शीतकालीन समय-सारणी के अनुसार संध्या आरती का समय शाम 6 बजकर 30 मिनट है। हालांकि जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विशेष आयोजन और आरतियों का कार्यक्रम भी रखा गया है।
बाबा खाटू श्याम जी की आरती
बाबा की पूजा के दौरान श्रद्धालु यह आरती गाते हैं—
ॐ जय श्री श्याम हरे,
बाबा जय श्री श्याम हरे।
खाटू धाम विराजत,
अनुपम रूप धरे॥
रतन जड़ित सिंहासन,
सिर पर चंवर ढुरे।
तन केसरिया बागो,
कुंडल श्रवण पड़े॥
गल पुष्पों की माला,
सिर पार मुकुट धरे।
खेवत धूप अग्नि पर,
दीपक ज्योति जले॥
मोदक खीर चूरमा,
स्वर्ण थाल भरे।
सेवक भोग लगावत,
सेवा नित्य करे॥
झांझ कटोरा और घड़ियाल,
शंख मृदंग घुरे।
भक्त आरती गावे,
जय-जयकार करे॥
घर पर कैसे करें बाबा की पूजा?
बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर सुबह स्नान के बाद घर के मंदिर की सफाई करें। बाबा की तस्वीर या प्रतिमा के सामने दीपक जलाएं। उन्हें ताजे फूल, फल और प्रसाद अर्पित करें। मान्यता के अनुसार बाबा को खीर, चूरमा और मिष्ठान का भोग लगाना शुभ माना जाता है। इसके बाद श्रद्धा के साथ बाबा का स्मरण करें और श्याम मंत्र का जाप करें।
शाम को सूर्यास्त के बाद दीपक जलाकर आरती करें। आरती के बाद परिवार के सभी सदस्यों के साथ बाबा से सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना करें।
खाटूधाम में होंगे विशेष आयोजन
बाबा श्याम के पाटोत्सव पर खाटूधाम में विशेष सजावट, छप्पन भोग और आरतियों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर के पट 24 घंटे खुले रखने की व्यवस्था भी की गई है। देशभर से पहुंचे भक्त बाबा के दर्शन कर जन्मदिन की खुशियां मना रहे हैं।
धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन से बाबा श्याम का स्मरण और आरती करने से भक्तों को मानसिक शांति और कठिनाइयों का सामना करने की शक्ति मिलती है। इस पावन अवसर पर भक्त प्रेम और श्रद्धा के साथ जयकारा लगाते हैं

