पाकिस्तान में मस्जिद के पास जोरदार धमाका, फुटेज में देंखे 16 की मौत; 50 से ज्यादा घायल, 6 आतंकी ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका हुआ। मस्जिद के पास हुए इस विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 5 पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं। धमाका इतना जोरदार था कि मस्जिद के बाहर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोटक से भरी एक गाड़ी पुराने पुलिस लाइंस के गेट से टकराई थी। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज आसपास के इलाके में काफी दूर तक सुनाई दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेर लिया गया।
धमाके के बाद पुलिस और आतंकियों में मुठभेड़
धमाके के बाद पुलिस और हमलावरों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, करीब 7 आतंकियों ने धमाके के बाद पुलिस लाइंस परिसर में घुसने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए 6 आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों में एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल बताया जा रहा है।सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कितने लोग शामिल थे और विस्फोटक से भरी गाड़ी को घटनास्थल तक कैसे पहुंचाया गया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
धमाके के बाद बड़ी संख्या में घायल लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
पाकिस्तान में बढ़ीं आतंकी घटनाएं
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान में आतंकी हिंसा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान में जनवरी से अब तक 990 आतंकी घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं में 1,129 लोगों की मौत हुई है।खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकी हमलों से प्रभावित रहा है। कोहाट में हुए ताजा धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे मौजूद नेटवर्क और आतंकियों की पहचान करने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे इलाके में सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है और संभावित संदिग्ध ठिकानों पर भी निगरानी रखी जा रही है।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। धमाके के कारणों, हमले की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।