☰
×

World News: नए साल के बाद ईरान पर फिर हमला कर सकता है अमेरिका, ट्रंप ने दी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी

 

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी दी है कि यदि दोनों देशों के बीच बातचीत से कोई समझौता नहीं होता है, तो नए साल के बाद अमेरिका ईरान पर दोबारा सैन्य हमला कर सकता है। ट्रंप ने ईरान के वार्ताकारों पर बातचीत को जानबूझकर टालने का आरोप लगाते हुए उन्हें 'प्रोफेशनल टैप डांसर' बताया है।

रविवार को फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा कि ईरानी अधिकारी चुनाव से पहले के मुकाबले अब ज्यादा आक्रामक हो गए हैं। उनके मुताबिक, ईरान के प्रतिनिधि लगातार बातचीत तो करते हैं, लेकिन किसी ठोस नतीजे तक पहुंचने में दिलचस्पी नहीं दिखाते। ट्रंप ने कहा कि उनकी बातें केवल समय बिताने की कोशिश हैं।

ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी पर ट्रंप का बयान

ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव के बीच ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक घेराबंदी कर रखी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच जवाबी कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।

उन्होंने कहा कि अगर ईरान अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी को तोड़ने की कोशिश करता है, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी नौसेना को पहले ही भारी नुकसान हुआ है और घेराबंदी को चुनौती देने वाले जहाजों का भी यही अंजाम हो सकता है।

डेमोक्रेट्स पर भी बरसे अमेरिकी राष्ट्रपति

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर डेमोक्रेटिक पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने मिडटर्म चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि अगर डेमोक्रेट्स जीतते हैं तो शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आएगी।

उन्होंने ईरान को लेकर भी अपने पुराने बयान का हवाला दिया और आरोप लगाया कि ईरान ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हिंसा की है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी नेतृत्व डेमोक्रेट्स को कमजोर समझता है और अमेरिका की स्थिति का फायदा उठाना चाहता है।

मिसाइल और ड्रोन हमलों को लेकर क्या बोले ट्रंप?

ट्रंप ने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह में ईरान ने बीते एक साल के किसी भी समय की तुलना में अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया और उनसे कोई नुकसान नहीं हुआ।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी आरोप लगाया कि ईरान और डेमोक्रेट्स तेल की कीमतों को लंबे समय तक ऊंचा बनाए रखना चाहते हैं। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है।

फिलहाल, ट्रंप के बयान से अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के और बढ़ने की आशंका है। दोनों देशों के बीच किसी समझौते की संभावना और आगे की सैन्य कार्रवाई को लेकर स्थिति आने वाले दिनों में स्पष्ट हो सकती है।