☰
×

बांग्लादेश में ढाई गुना वेतन बढ़ाने की मांग पर हिंसक प्रदर्शन: वीडियो में देंखे 670 कपड़ा फैक्ट्रियां बंद, पुलिस की वैन समेत कई वाहन फूंके

 

बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के मजदूर वेतन में ढाई गुना बढ़ोतरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। सोमवार को राजधानी ढाका समेत कई औद्योगिक इलाकों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। मजदूरों ने कई जगह सड़कें जाम कर दीं और पुलिस की गाड़ियों समेत दूसरे वाहनों में आग लगा दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।प्रदर्शन और तनाव के चलते ढाका, गाजीपुर और मयमनसिंह में करीब 670 कपड़ा फैक्ट्रियां बंद रहीं। इससे पहले रविवार को भी 529 फैक्ट्रियों में कामकाज ठप था। लगातार दूसरे दिन बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां बंद रहने से बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग पर असर पड़ा है।

ढाका-टांगाइल हाईवे किया जाम, वाहनों में लगाई आग

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गाजीपुर के औद्योगिक इलाके से गुजरने वाले ढाका-टांगाइल हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने रास्ता रोक दिया। इस दौरान पुलिस की तीन वैन और कई अन्य वाहनों में आग लगा दी गई। सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से यातायात प्रभावित हुआ।इसके अलावा ढाका से नारायणगंज जाने वाली सड़क पर भी प्रदर्शनकारियों ने जाम लगा दिया। यहां वाहनों के टायर जलाए गए। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कई स्थानों पर पुलिस और मजदूरों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही।

BGB के दो जवान और पत्रकार घायल

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/7gnuOdmfSJE?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/7gnuOdmfSJE/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

हिंसक घटनाओं के दौरान बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के कम से कम दो जवान घायल हो गए। इनके अलावा कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायलों में पत्रकार भी शामिल हैं, जो घटनास्थल पर प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रहे थे।गाजीपुर के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद नुरुल करीम भुइयां ने बताया कि औद्योगिक इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए BGB की 10 प्लाटून तैनात की गई हैं। सुरक्षा बलों को संवेदनशील इलाकों में स्थिति पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

गृह मंत्री ने अवामी लीग से जुड़े फैक्ट्री मालिकों पर लगाया आरोप

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने प्रदर्शन के पीछे राजनीतिक साजिश होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग से जुड़े कुछ फैक्ट्री मालिक हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।हालांकि, यह गृह मंत्री का आरोप है। प्रदर्शनकारियों की ओर से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। मजदूरों की मांग और सरकार के रुख के बीच तनाव बढ़ने से औद्योगिक क्षेत्रों में स्थिति गंभीर बनी हुई है।

वेतन बढ़ाने की मांग से कपड़ा उद्योग प्रभावित

बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग देश की अर्थव्यवस्था और निर्यात का अहम हिस्सा है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में मजदूर काम करते हैं। वेतन में ढाई गुना बढ़ोतरी की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन अब कई औद्योगिक इलाकों तक फैल गया है।दो दिनों में सैकड़ों फैक्ट्रियों में काम बंद रहने से उत्पादन प्रभावित हुआ है। फिलहाल मजदूरों की मांग पर सहमति बनने और फैक्ट्रियों में कामकाज सामान्य होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच प्रशासन औद्योगिक इलाकों में हालात पर नजर रख रहा है।