☰
×

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, अवामी लीग के नेताओं के 50 घर-दुकानें फूंकीं; पूर्व सांसद का पुश्तैनी मकान भी जलाया

 

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। नराइल जिले में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग से जुड़े नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के करीब 50 घरों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। शुक्रवार को कालिया उपजिला के बेंदर चार गांव में हुई इस घटना के दौरान कई जगह तोड़फोड़ और लूटपाट भी की गई। हमलावरों ने घरों में रखा फर्नीचर, कीमती सामान और अन्य संपत्ति लूट ली।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमले शुक्रवार दोपहर शुरू हुए और देर रात तक जारी रहे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। हिंसा के लिए स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी BNP के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए हैं, हालांकि हमलावरों की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है।

पूर्व सांसद और पूर्व मेयर के घरों को भी बनाया निशाना

नराइल में हुई आगजनी के दौरान अवामी लीग के कई प्रमुख नेताओं के घरों पर हमला किया गया। पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति बिस्वास का पुश्तैनी मकान भी जला दिया गया।

इसके अलावा अवामी लीग के महासचिव कृष्णपद घोष, कालिया नगरपालिका के पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और स्वेच्छासेवक लीग के नेता एसएम शमीम के घरों को भी निशाना बनाया गया। कई घरों में आग लगाने के साथ सामान की लूटपाट किए जाने की जानकारी सामने आई है।

नराइल में आगजनी के बाद घरों और दुकानों में नुकसान के दृश्य सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।

रास्ते में पेड़ गिराए, देर से पहुंची दमकल की गाड़ियां

फायर सर्विस के स्टेशन अधिकारी हुमायूं कबीर के मुताबिक, विभाग को शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बेंदर चार गांव में कई घरों में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकलकर्मी मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में कई जगह पेड़ काटकर डाल दिए गए थे। इस वजह से दमकल की गाड़ियां गांव तक नहीं पहुंच सकीं।

बाद में रास्ते से पेड़ हटाए गए और दमकल की टीमें रात करीब 8 बजे घटनास्थल पर पहुंच पाईं। तब तक ज्यादातर आग बुझ चुकी थी। नराइल के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अल मामून सिकदर ने शनिवार सुबह कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी।

18 नवंबर को BNP की मोटरसाइकिल रैली पर हुआ था हमला

नराइल में ताजा हिंसा से पहले 18 नवंबर को भी इसी इलाके में तनाव फैल गया था। उस दिन कालिया नगरपालिका के बेंदर चार क्षेत्र में BNP कार्यकर्ताओं की मोटरसाइकिल रैली पर हमला हुआ था।

BNP का दावा था कि यह रैली अवामी लीग की कथित हिंसक गतिविधियों के विरोध में निकाली गई थी। रैली जब बेंदर चार गांव में बरगद के पेड़ के पास पहुंची, तभी उस पर हमला हुआ। इस दौरान कई मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई।

हमले में तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए खुलना ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। BNP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस हमले के लिए अवामी लीग के सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया था।

विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर पर भी पेट्रोल बम से हमला

बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर का आवास भी हमले का निशाना बना। शुक्रवार को उनके घर पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की घटना सामने आई। घटना के समय मंत्री आवास पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

हुमायूं कबीर ने इस हमले के लिए शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने पार्टी को आतंकवादी संगठन बताते हुए कहा कि हिंसा के जरिए किसी भगोड़े को दिल्ली से कमर्शियल फ्लाइट में बांग्लादेश वापस नहीं लाया जा सकता। उनके मुताबिक, शेख हसीना की वापसी के लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत ही प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भी भरोसा दिया।

अवामी लीग के बंद के दौरान कई इलाकों में हुई आगजनी

शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशभर में एक दिन के बंद का ऐलान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर करीब एक सप्ताह तक प्रदर्शन और रैलियां आयोजित की थीं। इसके बाद बंद बुलाया गया।

बंद का असर खासतौर पर दक्षिणी बांग्लादेश के उन जिलों में देखने को मिला, जहां अवामी लीग का मजबूत जनाधार माना जाता है। इस दौरान कई जगह आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं सामने आईं।

  • BNP सांसदों के घरों पर हमला: शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में BNP के दो सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। कुछ बाजारों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया।

  • बसों और वाहनों में आगजनी: पुलिस के मुताबिक, कम से कम छह बसों और पिकअप वाहनों को आग के हवाले किया गया। रेलवे लाइन के एक हिस्से को भी नुकसान पहुंचा।

  • ढाका-चटगांव हाईवे पर हमला: गुरुवार को हाईवे पर एक बस और ट्रक में आग लगा दी गई। बस में मौजूद यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।

इन घटनाओं ने देश में राजनीतिक टकराव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कह चुकी हैं शेख हसीना

बांग्लादेश में मौजूदा राजनीतिक तनाव की एक बड़ी वजह शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को भी माना जा रहा है। साल 2024 में छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी थी। इस दौरान अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया गया, जिसे बाद में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार ने भी जारी रखा।

शेख हसीना ने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इसी महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में देश लौटेंगी।

उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक माहौल और तनावपूर्ण हो गया है। एक तरफ अवामी लीग समर्थक उनकी वापसी की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ विरोधी राजनीतिक खेमों के बीच टकराव की घटनाएं सामने आ रही हैं।

फिलहाल नराइल में करीब 50 घरों और दुकानों में आगजनी की घटना की पुलिस जांच कर रही है। आने वाले दिनों में जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमलों में कौन-कौन शामिल था और हिंसा के पीछे किन लोगों की भूमिका रही।