☰
×

US Venezuela Oil Deal: तेल ठेके में चंदे का आरोप, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पर उठे सवाल; सीनेट ने शुरू की जांच

 

वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वहां के तेल कारोबार को लेकर अमेरिका में विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि वेनेजुएला का तेल बेचने का ठेका निजी कंपनी विटोल को करोड़ों रुपये के चंदे के बदले दिया गया। इस मामले में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मादुरो की गिरफ्तारी से पहले ही वेंस और विटोल से जुड़े कारोबारी जॉन एडिसन के बीच वेनेजुएला के तेल की बिक्री को लेकर बातचीत हुई थी। अनुमान है कि इस सौदे से विटोल को करीब 6,300 करोड़ रुपये तक का मुनाफा हो सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी सीनेट ने जांच शुरू कर दी है। डेमोक्रेट सांसद मैगी हसन ने वेंस से 14 दिसंबर तक कथित बैठकों, बातचीत और तेल बेचने के लिए जारी लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है।

वेंस ने आरोपों को बताया झूठा

जेडी वेंस के प्रवक्ता ने उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। वहीं, अमेरिकी ऊर्जा विभाग का कहना है कि विटोल को उसकी योग्यता और कारोबारी क्षमता के आधार पर चुना गया था।

दूसरी ओर, मैगी हसन ने कथित मुलाकात को लेकर फ्लाइट रिकॉर्ड का हवाला दिया है। उनका दावा है कि जिस दिन वेंस और एडिसन की मुलाकात होने की बात कही जा रही है, उस दिन एडिसन का निजी विमान और वेंस का सरकारी विमान मोंटाना के एक ही हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

जनवरी 2027 में बढ़ सकता है जांच का दायरा

इस मामले में आगे की जांच को लेकर भी चर्चा तेज है। मैगी हसन जनवरी 2027 में सीनेट की होमलैंड सिक्योरिटी और गवर्नमेंट अफेयर्स कमेटी की अध्यक्ष बनने वाली हैं। ऐसे में उनके पास जांच का दायरा बढ़ाने के अधिक अवसर हो सकते हैं।

हालांकि, फिलहाल वेंस पर लगे आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तेल बिक्री के लाइसेंस देने की प्रक्रिया में किसी तरह का अनुचित प्रभाव इस्तेमाल किया गया था या नहीं।

स्की रिसॉर्ट में मुलाकात से तेल लाइसेंस तक: घटनाक्रम

27 दिसंबर 2025: रिपोर्ट के मुताबिक, मादुरो की गिरफ्तारी से करीब एक सप्ताह पहले जेडी वेंस की मोंटाना स्थित येलोस्टोन क्लब में कारोबारी जॉन एडिसन से कथित मुलाकात हुई। इस दौरान वेनेजुएला का तेल अमेरिकी नियंत्रण में आने पर उसकी बिक्री की संभावनाओं पर चर्चा होने का दावा किया गया।

3 जनवरी 2026: वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाया गया।

5 जनवरी 2026: अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने जॉन एडिसन से फोन पर बातचीत की। उन्होंने पूछा कि क्या विटोल वेनेजुएला का तेल बेचने का काम संभाल सकती है।

9 जनवरी 2026: इसके कुछ ही दिनों बाद विटोल और एक अन्य कंपनी को वेनेजुएला का तेल बेचने के लिए लाइसेंस जारी कर दिए गए।

फिलहाल यह मामला अमेरिकी राजनीति और तेल कारोबार दोनों के लिहाज से अहम बन गया है। सीनेट की जांच में अब यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कंपनियों के चयन और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में नियमों का पालन हुआ था या नहीं।