US News: ट्रम्प को मारने की बात कहने वाला वेनेजुएला का युवक गिरफ्तार, कार से मिलीं 3 बंदूकें और कारतूस
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को जान से मारने की बात कहने के आरोप में वेनेजुएला के एक 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसकी कार व्हाइट हाउस के पास खड़ी मिली थी, जिसमें तलाशी के दौरान तीन बंदूकें और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए। NBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अधिकारियों को बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं, जो उसे ट्रम्प की हत्या करने के लिए कहती हैं।
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने आरोपी की पहचान रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में की है। विभाग के अनुसार, वह 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। उस समय बॉर्डर पेट्रोल ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया।
व्हाइट हाउस के बाहर संदिग्ध हालत में मिला युवक
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात करीब 11:42 बजे व्हाइट हाउस के बाहर खड़ी नीले रंग की फोर्ड F-150 गाड़ी में क्रिनोस को सोते हुए देखा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने उसे जगाकर पूछताछ शुरू की।
भाषा संबंधी परेशानी के कारण युवक ने गूगल ट्रांसलेट की मदद से अधिकारियों से बातचीत की। उसने बताया कि उसके पास कुछ हथियार हैं, जिन्हें वह सरकार को सौंपना चाहता है। उसने यह भी कहा कि वह बिना किसी विरोध के हथियार देने को तैयार है।
NBC के मुताबिक, युवक ने अनुवाद ऐप के जरिए दावा किया कि उसके पास ऐसा सामान है, जिसकी वजह से कुछ लोग उसे मारना चाहते हैं। उसने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उसी बंदूक से उस पर हमला करने की कोशिश की थी और उसने उनसे हथियार छीन लिया था।
कार से AR-15 राइफल समेत तीन हथियार बरामद
अधिकारियों ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें तीन हथियार मिले। इनमें AR-15 स्टाइल राइफल, MAC-10 हैंडगन और ग्लॉक 43X पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा कारतूस भी बरामद किए गए।
जांच के दौरान पता चला कि फोर्ड F-150 गाड़ी चोरी की थी और इसकी रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। हालांकि, क्रिनोस ने अधिकारियों को बताया कि यह गाड़ी उसके बॉस की है, जिसने उसे इस्तेमाल करने के लिए दी थी। उसने दावा किया कि उसने करीब एक महीने पहले हथियार खरीदे थे और वह इसी गाड़ी में रह रहा था।
युवक पर कई गंभीर आरोप दर्ज
क्रिनोस के खिलाफ हथियार रखने, बिना कानूनी अनुमति उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने और बिना रजिस्ट्रेशन बंदूकें रखने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा बिना रजिस्ट्रेशन के कारतूस रखने के तीन मामले भी दर्ज किए गए हैं।
उस पर खतरनाक हथियार रखने, लाइसेंस के बिना पिस्तौल ले जाने, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने, चोरी और चोरी की संपत्ति रखने के आरोप भी हैं।
NBC न्यूज के अनुसार, सरकारी वकील मामले से जुड़े सबूतों की जांच कर रहे हैं। आरोपी को सोमवार को संघीय अदालत में पेश किया जाना है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी ओर से अदालत में पैरवी करने के लिए कोई वकील नियुक्त हुआ है या नहीं।