अर्लिंग्टन कब्रिस्तान में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सैनिक ने लगाई फटकार, समाधि के सामने हंसने पर जताई नाराजगी
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बुधवार को अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब वहां तैनात एक सैनिक ने उन्हें और उनके साथ मौजूद लोगों को शांत रहने की हिदायत दी। हेगसेथ अपनी पत्नी और सलाहकारों के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि (टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर) के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ आई एक महिला के हंसने पर सुरक्षा में तैनात जवान ने नाराजगी जताई और शहीद सैनिकों के प्रति सम्मान बनाए रखने को कहा।
यह पूरी घटना वहां मौजूद पत्रकारों के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। सैनिक ने सभी को याद दिलाया कि यह जगह अमेरिकी सैनिकों के बलिदान और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए यहां शांति और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
पेंटागन ने सैनिक की कार्रवाई को बताया सही
पीट हेगसेथ बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में आयोजित वार्षिक वेटरन्स डे कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी जेनिफर हेगसेथ और तीन सलाहकार रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ तथा पैट्रिक वीवर भी उनके साथ मौजूद थे।
घटना के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सैनिक का बचाव किया। उन्होंने कहा कि जवान ने अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाई। उनके मुताबिक, रक्षा मंत्री और पूरा रक्षा विभाग अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का हमेशा सम्मान करता है। ऐसे गंभीर अवसर पर जवान ने सभी को उचित व्यवहार और मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई।
अज्ञात सैनिक की समाधि पर 24 घंटे पहरा देते हैं जवान
अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में स्थित अज्ञात सैनिक की समाधि की सुरक्षा करना अमेरिकी सेना के सबसे सम्मानित दायित्वों में गिना जाता है। यहां थर्ड यूएस इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक चौबीसों घंटे पहरा देते हैं। इस रेजिमेंट को 'द ओल्ड गार्ड' के नाम से भी जाना जाता है।
करीब 90 वर्षों से इस समाधि पर लगातार पहरा देने की परंपरा चली आ रही है। यहां आने वाले लोगों से उम्मीद की जाती है कि वे शांत रहें और शहीदों के सम्मान में निर्धारित नियमों का पालन करें। कब्रिस्तान के नियमों के अनुसार, समाधि स्थल पर चिल्लाना या तेज आवाज में बात करना प्रतिबंधित है।
2024 में ट्रम्प की चुनाव प्रचार टीम भी विवादों में आई थी
अर्लिंग्टन कब्रिस्तान में ट्रम्प की टीम से जुड़ा विवाद पहली बार सामने नहीं आया है। साल 2024 में भी ट्रम्प की चुनाव प्रचार टीम और समाधि स्थल के एक अधिकारी के बीच विवाद हुआ था।
उस समय टीम पर उन हिस्सों में तस्वीरें और वीडियो बनाने का आरोप लगा था, जहां हाल के युद्धों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों को दफनाया गया है। कब्रिस्तान प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि अमेरिकी सेना के कब्रिस्तानों में राजनीतिक प्रचार और उससे जुड़ी गतिविधियों पर संघीय कानून के तहत रोक है।
यह विवाद उस समय हुआ था, जब ट्रम्प अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान आत्मघाती हमले में मारे गए 13 अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। बाद में उनकी चुनाव प्रचार टीम ने कार्यक्रम का वीडियो टिकटॉक पर जारी किया था।
ईरान युद्ध को लेकर भी दबाव में हैं पीट हेगसेथ
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पहले सेना में सेवा दे चुके हैं। उन्होंने आर्मी नेशनल गार्ड में काम किया है। हाल के दिनों में ईरान युद्ध को लेकर भी उनकी भूमिका चर्चा में रही है।
मंगलवार को अमेरिकी संसद में उनके खिलाफ महाभियोग की कोशिश की गई थी, हालांकि रिपब्लिकन सांसदों ने इसे आगे बढ़ने से रोक दिया। पिछले सप्ताह हुए मिडटर्म चुनावों के नतीजों के बाद भी हेगसेथ पर राजनीतिक दबाव बढ़ने की बात कही जा रही है। चुनाव में ईरान युद्ध को लेकर जनता की नाराजगी भी एक अहम मुद्दा रही। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब भी उनका समर्थन कर रहे हैं।