☰
×

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सैनिक ने लगाई फटकार, अज्ञात सैनिक की समाधि के सामने हंसने पर जताई नाराजगी

 

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बुधवार को अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब वहां तैनात एक सैनिक ने उन्हें और उनके साथ आए लोगों को शांत रहने की हिदायत दी। हेगसेथ अपनी पत्नी और सलाहकारों के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि (टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर) के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद एक महिला हंसने लगी।

यह देखकर समाधि की सुरक्षा में तैनात जवान ने सभी को शांत रहने और शहीद सैनिकों के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए कहा। घटना वहां मौजूद पत्रकारों के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद से ही यह वीडियो चर्चा में है।

पेंटागन ने सैनिक की कार्रवाई का किया समर्थन

पीट हेगसेथ बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में आयोजित वार्षिक वेटरन्स डे कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी जेनिफर हेगसेथ और तीन सलाहकार रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ तथा पैट्रिक वीवर भी मौजूद थे।

घटना के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सैनिक की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जवान ने अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाई। रक्षा मंत्री और पूरा रक्षा विभाग अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का सम्मान करता है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस गंभीर दिन पर जवान ने सभी को मर्यादा बनाए रखने की सही बात याद दिलाई।

अज्ञात सैनिक की समाधि पर 24 घंटे पहरा देते हैं जवान

अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में स्थित अज्ञात सैनिक की समाधि की सुरक्षा करना अमेरिकी सेना के सबसे सम्मानित दायित्वों में से एक माना जाता है। यहां थर्ड यूएस इन्फैंट्री रेजिमेंट के जवान 24 घंटे पहरा देते हैं। इस रेजिमेंट को 'द ओल्ड गार्ड' के नाम से जाना जाता है।

करीब 90 साल से इस समाधि पर लगातार पहरा देने की परंपरा चली आ रही है। कब्रिस्तान के नियमों के मुताबिक, यहां चिल्लाना या तेज आवाज में बात करना मना है। यहां आने वाले लोगों से शांति बनाए रखने और शहीदों के प्रति सम्मान दिखाने की अपेक्षा की जाती है।

2024 में भी ट्रम्प की चुनाव प्रचार टीम से जुड़ा था विवाद

अर्लिंग्टन कब्रिस्तान में ट्रम्प की टीम से जुड़ा विवाद पहले भी सामने आ चुका है। साल 2024 में ट्रम्प की चुनाव प्रचार टीम और समाधि स्थल के एक अधिकारी के बीच विवाद हुआ था।

उस समय टीम पर उन हिस्सों में तस्वीरें और वीडियो बनाने का आरोप लगा था, जहां हाल के युद्धों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों को दफनाया गया है। इसके बाद कब्रिस्तान प्रशासन ने कहा था कि अमेरिकी सेना के कब्रिस्तानों में राजनीतिक प्रचार और उससे जुड़ी गतिविधियों पर संघीय कानून के तहत रोक है।

यह मामला उस समय सामने आया था, जब ट्रम्प अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान आत्मघाती हमले में मारे गए 13 अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। बाद में उनकी चुनाव प्रचार टीम ने कार्यक्रम का वीडियो टिकटॉक पर जारी किया था।

ईरान युद्ध को लेकर भी दबाव में हैं पीट हेगसेथ

पीट हेगसेथ खुद भी सेना में सेवा दे चुके हैं। उन्होंने आर्मी नेशनल गार्ड में काम किया है। इन दिनों ईरान युद्ध को लेकर उनकी भूमिका भी चर्चा में है।मंगलवार को अमेरिकी संसद में उनके खिलाफ महाभियोग की कोशिश हुई थी, लेकिन रिपब्लिकन सांसदों ने इसे रोक दिया। पिछले सप्ताह हुए मिडटर्म चुनावों के बाद हेगसेथ पर राजनीतिक दबाव बढ़ने की बात कही जा रही है। चुनाव में ईरान युद्ध को लेकर जनता की नाराजगी भी एक बड़ा मुद्दा रही। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब भी उनका समर्थन कर रहे हैं।