☰
×

US B-1 Bombers: फेयरफोर्ड एयरबेस से अमेरिका ने हटाए सभी B-1 बॉम्बर, संदिग्ध वैन और गिरफ्तारियों के बाद बढ़ा था अलर्ट
 

 

अमेरिका ने ब्रिटेन स्थित RAF फेयरफोर्ड एयरबेस से अपने सभी B-1 बॉम्बर विमानों को वापस बुला लिया है। पेंटागन ने रविवार को इसकी पुष्टि की। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरबेस पर करीब 12 B-1 बॉम्बर तैनात थे। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब हाल ही में एयरबेस के आसपास संदिग्ध गतिविधियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।
एयरबेस के पास संदिग्ध वैन मिलने के मामले में ब्रिटेन में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। आरोपियों को जमानत मिलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी नाराजगी जाहिर की थी।
एयरबेस के पास दिखीं तीन संदिग्ध वैन
पिछले रविवार को फेयरफोर्ड एयरबेस के नजदीक व्हेलफोर्ड गांव में एक किसान ने सड़क पर तीन वैन खड़ी देखीं। बताया गया कि इलाके में कुछ नकाबपोश लोग भी नजर आए थे, जो बाद में वहां से चले गए।
एक महिला की सूचना के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर एयरबेस के आसपास के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए और करीब 85 घरों को खाली कराया गया।
जांच के दौरान सामने आई तस्वीरों में वैन के अंदर बैरल जैसी वस्तुएं दिखाई दी थीं। इनमें से एक वाहन पर ऐसा फर्जी लोगो और फोन नंबर लगाया गया था, जिससे वह किसी वास्तविक डीजल सप्लाई कंपनी की गाड़ी जैसी नजर आती थी।
हालांकि, तलाशी के दौरान वाहनों से कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। नेशनल काउंटर टेररिज्म पुलिसिंग के प्रमुख लॉरेंस टेलर के मुताबिक, पुलिस को मौके से कुछ मात्रा में पेट्रोल जरूर मिला था।
पांच ब्रिटिश नागरिकों की गिरफ्तारी
घटना के बाद लंदन निवासी 23 से 25 वर्ष की उम्र के पांच ब्रिटिश पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और जांच के बाद सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
इसके अलावा 1 अक्टूबर को लंदन से एक ब्रिटिश-ईरानी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी फेयरफोर्ड एयरबेस के आसपास हुई संदिग्ध घटना की जांच से जुड़ी थी। बाद में उसे भी जमानत मिल गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आरोपियों को जमानत मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह इस तरह का फैसला नहीं करते। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मामले में किसी विदेशी ताकत के संभावित कनेक्शन की आशंका जताई थी। उन्होंने ईरान की ओर भी इशारा किया था, लेकिन ईरान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया।
ईरान से जुड़े अभियानों के बीच अहम था एयरबेस
RAF फेयरफोर्ड अमेरिका के लिए ब्रिटेन में एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना है। ब्रिटेन ने मार्च में अमेरिका को इस एयरबेस का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ कुछ विशेष रक्षात्मक अभियानों के लिए करने की अनुमति दी थी।
इसके बाद अमेरिकी B-1 बॉम्बर समेत अन्य सैन्य विमानों की एयरबेस से आवाजाही देखी गई। ऐसे में एयरबेस की सुरक्षा को लेकर किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जा रहा था।
अब अमेरिका ने फेयरफोर्ड से सभी B-1 बॉम्बर वापस बुला लिए हैं। हालांकि, पेंटागन की ओर से विमानों को हटाने की वजह के तौर पर संदिग्ध वैन की घटना को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं बताया गया है। एयरबेस से बॉम्बर हटाए जाने के बाद इस सैन्य ठिकाने की सुरक्षा और अमेरिका की आगे की तैनाती पर भी नजर बनी हुई है।