अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की दी मंजूरी, 19 हजार करोड़ रुपये की डील का खर्च उठाएंगे यूरोप और कनाडा
अमेरिका ने यूक्रेन की हवाई सुरक्षा मजबूत करने के लिए 500 पैट्रियट मिसाइलों की बिक्री को मंजूरी दी है। इस सौदे की कीमत करीब 19 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि इस डील का पूरा खर्च यूरोपीय देश और कनाडा मिलकर उठाएंगे। इससे यूक्रेन को रूस के हवाई हमलों और मिसाइल हमलों से बचाव के लिए अतिरिक्त रक्षा संसाधन मिल सकेंगे।
2.1 अरब डॉलर का है सौदा
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, 500 पैट्रियट PAC-3 MSE इंटरसेप्टर मिसाइलों की प्रस्तावित बिक्री का मूल्य करीब 2.1 अरब डॉलर यानी लगभग 19 हजार करोड़ रुपये है। इस सौदे में मिसाइलों के अलावा स्पेयर पार्ट्स, लॉजिस्टिक और तकनीकी सहायता भी शामिल है। लॉकहीड मार्टिन इस सौदे की प्रमुख ठेकेदार कंपनी होगी।
कौन उठाएगा मिसाइलों का खर्च?
इस खरीद के लिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे आर्थिक योगदान देंगे। इसके अलावा यूरोपीय संघ के यूक्रेन सपोर्ट लोन से मिलने वाली राशि का भी इस्तेमाल किया जाएगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस सौदे में अमेरिका का कोई सरकारी पैसा खर्च नहीं होगा।
रूस के मिसाइल हमलों से बचाव में मिलेगी मदद
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में हवाई सुरक्षा बेहद अहम हो गई है। रूस की ओर से यूक्रेन के शहरों, ऊर्जा केंद्रों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर लगातार मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। पैट्रियट सिस्टम की PAC-3 मिसाइलें दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोकने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार अमेरिका और यूरोपीय सहयोगियों से इन मिसाइलों की आपूर्ति तेज करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि मिसाइलों की डिलीवरी तुरंत शुरू हो जाएगी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इन मिसाइलों के निर्माण और आपूर्ति में लंबा समय लग सकता है।