रूस पर यूक्रेन का अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 1336 ड्रोन दागने का दावा; रूस बोला- सभी मार गिराए
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग लगातार खतरनाक होती जा रही है। यूक्रेन ने सोमवार को रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। रूस के मुताबिक, यूक्रेन ने उसकी तेल रिफाइनरियों और दूसरे अहम ठिकानों को निशाना बनाते हुए कुल 1336 ड्रोन दागे। हालांकि, रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने दावा किया कि उसने सभी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2022 में शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद यह यूक्रेन का सबसे बड़ा हवाई हमला माना जा रहा है। इस हमले में बड़ी संख्या में लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
29 अक्टूबर को भी रूस पर दागे गए थे 1254 ड्रोन
इससे पहले 29 अक्टूबर को भी यूक्रेन ने रूस पर बड़ा ड्रोन हमला किया था। उस समय रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने एक ही रात में यूक्रेन के 1254 ड्रोन मार गिराए थे।
रूस के मुताबिक, उस हमले में यूक्रेन ने उसके 19 क्षेत्रों को निशाना बनाया था। हमले के दौरान बेलगोरोद इलाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि सात लोग घायल हुए थे।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया था कि राजधानी के आसमान में अकेले 613 यूक्रेनी ड्रोन देखे गए थे। सुरक्षा कारणों से मॉस्को के तीन एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे तक उड़ानों को रोकना पड़ा था।
क्रीमिया और ब्लैक सी में भी हमले तेज कर रहा यूक्रेन
यूक्रेन ने हाल के दिनों में लंबी दूरी तक हमला करने वाले ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ा दिया है। रूस के अलावा क्रीमिया, ब्लैक सी और एजोव सी के इलाकों में भी ड्रोन हमले तेज किए गए हैं।
हाल के कुछ सैन्य अभियानों में 1000 से ज्यादा ड्रोन इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, फरवरी 2022 में रूस के हमले के साथ शुरू हुई जंग के बाद सोमवार का हमला यूक्रेन का सबसे बड़ा हवाई हमला माना जा रहा है।
यूक्रेन का दावा- रूस की 55% तेल रिफाइनिंग क्षमता प्रभावित
यूक्रेन लगातार रूस की तेल रिफाइनरियों को निशाना बना रहा है। ये रिफाइनरियां रूस की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र के लिए काफी अहम हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनकी सेना के हमलों के कारण रूस की 55% से ज्यादा तेल रिफाइनिंग क्षमता ठप हो गई है।
हालांकि, रूस की ओर से जेलेंस्की के इस दावे पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है। यूक्रेन अब ऐसे ठिकानों को निशाना बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है, जिन पर हमलों का असर रूस की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ सकता है।
रूस भी यूक्रेन के बिजली ठिकानों पर कर रहा हमले
दूसरी तरफ रूस भी यूक्रेन में लगातार हवाई हमले कर रहा है। रूसी सेना के निशाने पर खासतौर पर बिजली सप्लाई से जुड़े बुनियादी ढांचे हैं। इन हमलों से यूक्रेन में बिजली व्यवस्था और आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
यूक्रेन का आरोप है कि रूस जानबूझकर बिजली से जुड़े ठिकानों को निशाना बना रहा है, ताकि लोगों की मुश्किलें बढ़ें और उनका मनोबल कमजोर हो। इस तरह दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष में अब सैन्य ठिकानों के साथ ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।