×

दो महिलाएं लहूलुहान! बलूचिस्तान में पाक समर्थित डेथ स्क्वॉड का भयानक ग्रेनेड अटैक, पढ़े पूरी रिपोर्ट 

 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले कई सालों से अस्थिरता का माहौल है। ज़्यादातर बलूच लोग पाकिस्तान से आज़ादी चाहते हैं। कई बलूच नेताओं और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने तो बलूचिस्तान की आज़ादी की घोषणा भी कर दी है। वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तानी सेना समय-समय पर बलूचों के ख़िलाफ़ हिंसा करती है, उन्हें प्रताड़ित करती है। पाकिस्तानी सेना बलूचों पर हमले, उनके अपहरण, हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देने से नहीं हिचकिचाती। अब पाकिस्तानी सेना समर्थित एक समूह ने प्रांत में बलूचों पर हमला किया है।

बलूचिस्तान में मौत के दस्ते का ग्रेनेड हमला
पाकिस्तानी सेना समर्थित मौत के दस्ते ने सोमवार रात बलूचिस्तान के तुर्बत के अपसार इलाके में ग्रेनेड हमला किया। रात में एक घर पर ग्रेनेड फेंककर मौत के दस्ते के सदस्य वहाँ से भाग गए।

दो महिलाएं लहूलुहान
पाकिस्तानी सेना समर्थित मौत के दस्ते के इस ग्रेनेड हमले में दो महिलाएं लहूलुहान हो गईं। उन्हें घायल अवस्था में पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ दोनों का इलाज चल रहा है। इस ग्रेनेड हमले से प्रभावित घर को काफी नुकसान पहुँचा। इस ग्रेनेड हमले में कई घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए।

मानवाधिकार संगठनों ने हमले की निंदा की
बलूच राष्ट्रीय आंदोलन (बीएनएम) के मानवाधिकार विभाग सहित बलूचों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले कई मानवाधिकार संगठनों ने इस ग्रेनेड हमले की निंदा की है। मानवाधिकार संगठनों ने इस हमले को आतंक फैलाने, अधिकारों की माँग कर रहे बलूच समुदाय की आवाज़ों को दबाने और उन्हें दंडित करने की एक संगठित नीति का हिस्सा बताया है। इसे एक अंतर्राष्ट्रीय अपराध बताते हुए, उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से तत्काल हस्तक्षेप की माँग की ताकि इस तरह के अवैध कृत्यों को रोका जा सके और दोषियों को दंडित किया जा सके।