☰
×

कनाडा के PM कार्नी के सामने ट्रम्प का उड़ा मजाक, वीडियो में देखें कॉमेडियन ने कहा- सनकी हैं अमेरिकी राष्ट्रपति; 51वां राज्य बनाने की मांग पर भी तंज

 

कनाडा की राजधानी ओटावा में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के सामने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का जमकर मजाक उड़ाया गया। पत्रकारों के साथ आयोजित सालाना रोस्ट डिनर में एक कॉमेडियन ट्रम्प के भेष में पहुंचा। उसने ट्रम्प के बोलने के अंदाज, उनके डांस और हाथ मिलाने के तरीके की नकल की। इस दौरान मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री कार्नी और वहां बैठे मेहमान ठहाके लगाते रहे।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EmD0cHxAV-g?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EmD0cHxAV-g/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

यह कार्यक्रम 21 नवंबर को आयोजित पार्लियामेंट्री प्रेस गैलरी डिनर था। कनाडा में हर साल होने वाले इस आयोजन में पत्रकार, नेता और अन्य मेहमान शामिल होते हैं। इसमें राजनेता एक-दूसरे पर मजाकिया टिप्पणियां करते हैं और अपने ऊपर भी चुटकियां लेते हैं।

मंच पर ट्रम्प और कार्नी के दो-दो रूप

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उन्हें कॉमेडी का सहारा लेना पड़ेगा। इसके बाद कॉमेडियन मार्क मैकिनी मंच पर पहुंचे, जिन्होंने कार्नी की नकल की। फिर कॉमेडियन मार्क क्रिच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रूप में मंच पर आए।

ट्रम्प बने कॉमेडियन ने उनके खास अंदाज में डांस किया और प्रधानमंत्री कार्नी के साथ देर तक हाथ मिलाने की नकल की। उन्होंने कार्नी के हमशक्ल के साथ भी ट्रम्प के स्टाइल में हैंडशेक किया। इस दौरान ट्रम्प के जोरदार तरीके से हाथ मिलाने की शैली को भी मजाकिया अंदाज में दिखाया गया।

कार्नी की लोकप्रियता पर भी कसा तंज

कॉमेडियन ने ट्रम्प के अंदाज में कार्नी की लोकप्रियता पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा, "फेक न्यूज! यहां दो कार्नी हैं। यह तो गड़बड़ है। वह लगभग उतने ही लोकप्रिय हैं, जितना मैं हूं।"

इसके बाद उन्होंने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की ट्रम्प की मांग का मजाक उड़ाया। ट्रम्प कई बार कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कह चुके हैं और कार्नी को 'गवर्नर' कहकर संबोधित कर चुके हैं।

कॉमेडियन ने इसी संदर्भ में कहा कि वह कार्नी को उनके सामने 'गवर्नर' कहने की हिम्मत नहीं रखते। उन्होंने दोनों देशों के बीच अच्छी ट्रेड डील होने की संभावना पर भी तंज कसा और मजाक में कहा कि समझौते की राह में सबसे बड़ी रुकावट खुद ट्रम्प हैं।

कार्नी ने भी ट्रम्प के ओवल ऑफिस पर कसा तंज

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपने संबोधन में भी ट्रम्प पर कटाक्ष किया। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के ओवल ऑफिस में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा, "यह मुश्किल दर्शक वर्ग है। मैं ओवल ऑफिस में जा चुका हूं। अकेले, उसके नए इंटीरियर डेकोरेटर के साथ।"

दरअसल, ट्रम्प ने व्हाइट हाउस लौटने के बाद ओवल ऑफिस में सुनहरे रंग की सजावट, चमकदार वस्तुओं और तस्वीरों का इस्तेमाल बढ़ाया है। कार्नी की इस टिप्पणी पर भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब हंसी-मजाक किया।

यह पूरा आयोजन ऐसे समय हुआ है, जब ट्रम्प की टैरिफ नीतियों और कनाडा को अमेरिका का हिस्सा बनाने संबंधी बयानों के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। रोस्ट डिनर में कॉमेडियन की प्रस्तुति ने इसी राजनीतिक खींचतान को हास्य का विषय बना दिया।