दुबई में बन रहा दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, 26 करोड़ यात्रियों की होगी सालाना क्षमता; 5 रनवे और 400 गेट होंगे
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट तैयार किया जा रहा है। इसका नाम अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Al Maktoum International Airport) होगा। आकार और सुविधाओं के लिहाज से यह इतना विशाल होगा कि इसे एक एयरपोर्ट के बजाय विमानों का शहर कहना गलत नहीं होगा।
पूरी तरह तैयार होने के बाद यहां से हर साल करीब 26 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे। एयरपोर्ट पर पांच समानांतर रनवे बनाए जाएंगे, जबकि विमानों की आवाजाही के लिए 400 कॉन्टैक्ट गेट होंगे। इसके अलावा यात्रियों के लिए आधुनिक टर्मिनल, ऑटोमेटेड ट्रेन और हाईटेक बैगेज सिस्टम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
35 अरब डॉलर की लागत से बनेगा एयरपोर्ट
दुबई सरकार की योजना के मुताबिक, अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भविष्य की हवाई यात्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल दुबई में बढ़ते यात्रियों की संख्या को संभालना नहीं, बल्कि इसे दुनिया के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित करना भी है।
इस प्रोजेक्ट पर करीब 128 अरब दिरहम यानी लगभग 35 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये बैठती है।
एयरपोर्ट के वेस्ट टर्मिनल में यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था होगी। यहां फर्स्ट क्लास, बिजनेस क्लास और इकोनॉमी क्लास के यात्रियों के लिए अलग-अलग हॉल बनाए जाएंगे। आधुनिक तकनीक और स्मार्ट सिस्टम के जरिए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी है।
मौजूदा दुबई एयरपोर्ट से पांच गुना बड़ा होगा
अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल करीब 70 वर्ग किलोमीटर होगा। यह मौजूदा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग पांच गुना बड़ा बताया जा रहा है। इसके आकार की तुलना भारत के हावड़ा शहर से भी की जा सकती है। हावड़ा नगर निगम का क्षेत्रफल करीब 63.55 वर्ग किलोमीटर है।
पूरी क्षमता पर पहुंचने के बाद यह एयरपोर्ट सालाना 26 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा। इसके अलावा यहां से हर साल करीब 1.2 करोड़ टन माल यानी कार्गो की आवाजाही भी हो सकेगी।
तुलना करें तो दुबई के मौजूदा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 2025 में करीब 9.52 करोड़ यात्रियों को संभाला था। नए एयरपोर्ट की प्रस्तावित क्षमता इससे काफी ज्यादा होगी।
2005 में शुरू हुई थी परियोजना
अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दुबई वर्ल्ड सेंट्रल परियोजना के तहत कई चरणों में विकसित किया जा रहा है। इसके निर्माण की योजना पर 2005 से काम चल रहा है।
एयरपोर्ट पर कार्गो संचालन 2010 में शुरू हुआ था, जबकि यात्री उड़ानों की शुरुआत 2013 में हुई। इसके बाद दुबई सरकार ने 2024 में एयरपोर्ट के विस्तार से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दी।
योजना के पहले चरण को 2032 तक शुरू करने का लक्ष्य है। इस चरण में एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता करीब 15 करोड़ होगी। इसके बाद अलग-अलग चरणों में विस्तार करते हुए इसे 26 करोड़ यात्रियों की क्षमता तक पहुंचाया जाएगा।
चार कॉनकोर्स में होंगे 400 बोर्डिंग गेट
इस एयरपोर्ट की सबसे खास बात इसका विशाल ढांचा होगा। यहां चार कॉनकोर्स बनाए जाएंगे और हर कॉनकोर्स की लंबाई करीब 2.7 किलोमीटर होगी। प्रत्येक में लगभग 100 बोर्डिंग गेट होंगे। इस तरह चारों कॉनकोर्स में कुल 400 कॉन्टैक्ट गेट उपलब्ध होंगे।
एयरपोर्ट पर पांच समानांतर रनवे भी बनाए जाने की योजना है। इससे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
हर घंटे 30 हजार बैग संभालेगा सिस्टम
यात्रियों के सामान को तेजी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए यहां अत्याधुनिक अंडरग्राउंड बैगेज सिस्टम लगाया जाएगा। इसकी क्षमता हर घंटे करीब 30,000 बैग प्रोसेस करने की होगी।
इसके अलावा टर्मिनल और कॉनकोर्स के बीच यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए जमीन के नीचे ऑटोमेटेड ट्रेन सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसमें 14 स्टेशन होंगे। इसकी मदद से यात्री कम समय में अपने बोर्डिंग गेट और कनेक्टिंग फ्लाइट तक पहुंच सकेंगे।
अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पूरी तरह तैयार होने के बाद दुबई की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलने की उम्मीद है। इसकी विशाल यात्री क्षमता, पांच रनवे और आधुनिक सुविधाएं इसे दुनिया के सबसे बड़े एविएशन प्रोजेक्ट्स में शामिल करेंगी।