☰
×

ईरान के राष्ट्रपति पर अमेरिकी वित्त मंत्री का तंज, बोले- सर्दियों का शानदार मजा लीजिए; बिजली बचाने के लिए कम रोशनी में कर रहे थे काम

 

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति के एक वीडियो को लेकर टिप्पणी करते हुए लिखा, 'अच्छा काम कर रहे हैं। सर्दियों का शानदार मजा लीजिए।'

दरअसल, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह अपने दफ्तर में बेहद कम रोशनी में बैठकर काम करते नजर आ रहे थे। कमरे में हीटर भी नहीं चल रहा था। इस वीडियो के जरिए ईरान सरकार ने देश के लोगों को बिजली और ऊर्जा बचाने का संदेश देने की कोशिश की थी।

ईरान के सरकारी चैनल IRIB ने 22 नवंबर को यह वीडियो प्रसारित किया था। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने वॉशिंगटन पोस्ट को बताया कि राष्ट्रपति वास्तव में इस तरह काम नहीं करते। यह वीडियो केवल लोगों को ऊर्जा बचाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बनाया गया था।

तेल-गैस के बड़े भंडार होने के बावजूद ऊर्जा संकट से जूझ रहा ईरान

ईरान दुनिया के उन देशों में शामिल है, जिनके पास तेल और प्राकृतिक गैस के विशाल भंडार हैं। इसके बावजूद देश में ऊर्जा संकट की स्थिति बनी हुई है। बिजली की कमी और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के कारण सरकार को लोगों से खपत कम करने की अपील करनी पड़ रही है।

'वॉशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकेबंदी ने ईरान की आर्थिक और ऊर्जा संबंधी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।

हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पजशकियान का कहना है कि अमेरिका के दबाव और प्रतिबंधों के बावजूद ईरान का विकास नहीं रुकेगा।

गुरुवार को एक नई ट्रेन लाइन के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों और युद्ध के कारण देश के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन इसके बावजूद विकास कार्य जारी रहेंगे।

रिपोर्ट- ईरान की धमकियों के बाद ट्रम्प के 5 मंत्री सैन्य ठिकानों पर रहने पहुंचे

इस बीच अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन के करीब पांच मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहने चले गए हैं।

बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों ने ईरान की ओर से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा को इसकी वजह बताया है।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य ठिकानों पर रहने वाले अधिकारियों में विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट भी शामिल हैं।

ये अधिकारी 100 साल से अधिक पुराने सैन्य आवासों में रह रहे हैं। इन जगहों पर सेना की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहती है। यहां आने-जाने वाले लोगों की जांच की जाती है और आम नागरिकों की पहुंच सीमित होती है।

पहले इन आवासों का इस्तेमाल मुख्य रूप से सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और जनरलों के रहने के लिए किया जाता था। हालांकि, अब वॉशिंगटन डीसी में सरकारी अधिकारियों के सैन्य ठिकानों पर रहने का चलन बढ़ता दिखाई दे रहा है।

फरवरी से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी है संघर्ष

अमेरिका और इजराइल के बीच ईरान को लेकर तनाव लंबे समय से जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर हमले शुरू किए थे। इसके जवाब में ईरान ने भी पलटवार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच सैन्य संघर्ष बढ़ गया।

अप्रैल की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सीजफायर हुआ, लेकिन यह ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सका। जून में एक बार फिर संघर्ष रोकने और युद्ध समाप्त करने को लेकर समझौता हुआ। हालांकि, अगस्त में यह भी टूट गया और क्षेत्र में तनाव दोबारा बढ़ गया।

फिलहाल संघर्ष समाप्त करने के लिए बातचीत की कोशिशें जारी हैं। इसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट को खोलने और युद्ध समाप्त करने जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं।इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री की टिप्पणी ने दोनों देशों के बीच जारी राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।