×

ईरान पर फिलहाल रुका अमेरिका का बड़ा सैन्य अभियान, वीडियो में देंखे ट्रम्प ने नए हमलों पर लगाई रोक; जानिए क्या है वजह

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित बड़े सैन्य अभियान को फिलहाल रोकने का फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस में शुक्रवार को शीर्ष सलाहकारों और कैबिनेट सदस्यों के साथ हुई अहम बैठक के बाद ट्रम्प ने अमेरिकी सेना को नए बड़े हमले रोकने का निर्देश दिया। इस फैसले के पीछे सैन्य संसाधनों की सीमित उपलब्धता और मिडिल-ईस्ट में तैनात अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

सैन्य अधिकारियों ने दी थी चेतावनी

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/JHTqNyDJP_g?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/JHTqNyDJP_g/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

द न्यूयॉर्क टाइम्स और एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने ट्रम्प प्रशासन को आगाह किया था कि यदि ईरान के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया तो मिडिल-ईस्ट में तैनात अमेरिकी सेना के पास पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों और अन्य एयर डिफेंस हथियारों का भंडार तेजी से घट सकता है। इससे क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों की सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

जनरल डैन केन ने जताई चिंता

रिपोर्ट के मुताबिक, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने भी ट्रम्प को सलाह दी कि बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान जारी रखने से अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा जोखिम में पड़ सकती है। उनका मानना था कि मौजूदा हालात में सैन्य संसाधनों का संतुलित उपयोग करना ज्यादा जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित खतरे का प्रभावी तरीके से सामना किया जा सके।

1200 से ज्यादा पैट्रियट मिसाइलें हो चुकी हैं इस्तेमाल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अप्रैल के अंत तक अमेरिका 1,200 से अधिक पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का इस्तेमाल कर चुका था। लगातार सैन्य अभियानों के कारण इन मिसाइलों का स्टॉक तेजी से कम हो रहा है। यही वजह है कि रक्षा अधिकारियों ने नए बड़े हमलों से पहले सैन्य भंडार को सुरक्षित रखने की सलाह दी।

फैसला अस्थायी या स्थायी, अभी नहीं है स्पष्ट

एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रम्प प्रशासन का यह फैसला केवल अस्थायी है या लंबे समय तक लागू रहेगा। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि हालात बिगड़ते हैं या राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा महसूस होता है, तो सेना बड़े स्तर पर सैन्य अभियान शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।

मिडिल-ईस्ट पर टिकी दुनिया की नजर

ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच ट्रम्प का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे फिलहाल क्षेत्र में तनाव कुछ कम हो सकता है, लेकिन स्थिति अभी भी बेहद संवेदनशील बनी हुई है। आने वाले दिनों में दोनों देशों की रणनीति और सैन्य गतिविधियों पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।