अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन पहुंचा थाईलैंड, फुटेज में जाने 5 दिन पटाया में रहेंगे 5 हजार सैनिक; नाइटलाइफ इलाकों पर पाबंदी
अमेरिकी नौसेना का विशाल एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन बुधवार सुबह थाईलैंड के लाम चाबांग पोर्ट पहुंच गया। इस युद्धपोत पर पिछले करीब 9 महीनों से लगभग 5 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। USS अब्राहम लिंकन के साथ अमेरिकी नौसेना के दो अन्य जहाज भी थाईलैंड पहुंचे हैं। अमेरिकी सैनिकों के आगमन के बाद उन्हें बसों के जरिए करीब 96 किलोमीटर दूर पटाया ले जाया जाएगा, जहां वे अगले पांच दिनों तक छुट्टियां बिताएंगे।
सैनिकों के लिए जारी किए गए विशेष निर्देश
BBC की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सैनिकों को पटाया में कुछ विशेष इलाकों में जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। थाई प्रशासन ने सैनिकों की सुरक्षा और स्थानीय कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।पटाया अपनी नाइटलाइफ और पर्यटन के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, लेकिन यहां कुछ इलाकों में देह व्यापार और एडल्ट एंटरटेनमेंट से जुड़ी गतिविधियां भी होती हैं।
पुलिस ने तेज की कार्रवाई
अमेरिकी सैनिकों के पहुंचने से पहले थाई पुलिस ने पटाया में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने छापेमारी कर करीब 50 सेक्स वर्कर्स को हिरासत में लिया है।अधिकारियों का कहना है कि विदेशी पर्यटकों और सैनिकों की मौजूदगी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
सोई 6 इलाके में जाने पर रोक
अमेरिकी सैनिकों को पटाया की कई नाइटलाइफ वाली जगहों पर जाने की अनुमति है, लेकिन उन्हें सोई 6 इलाके में जाने से प्रतिबंधित किया गया है।सोई 6 पटाया का एक प्रसिद्ध इलाका है, जो नाइटलाइफ और एडल्ट एंटरटेनमेंट बार के लिए जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं।थाई पुलिस ने अमेरिकी सैनिकों को साफ तौर पर बताया है कि देश में वेश्यावृत्ति कानूनी रूप से प्रतिबंधित है और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने पर कार्रवाई की जा सकती है।
ड्रग्स और गांजा बेचने वाली दुकानों से दूर रहने की सलाह
थाई अधिकारियों ने अमेरिकी सैनिकों को ड्रग्स और गांजा बेचने वाली दुकानों से भी दूर रहने की सलाह दी है। सैनिकों को स्थानीय कानूनों का पालन करने और किसी भी विवादित गतिविधि से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
USS अब्राहम लिंकन की रणनीतिक अहमियत
USS अब्राहम लिंकन अमेरिकी नौसेना के सबसे महत्वपूर्ण एयरक्राफ्ट कैरियर्स में शामिल है। यह परमाणु ऊर्जा से संचालित युद्धपोत है, जिस पर बड़ी संख्या में सैनिकों के अलावा लड़ाकू विमान और अत्याधुनिक सैन्य उपकरण तैनात रहते हैं।इसका थाईलैंड दौरा अमेरिका और थाईलैंड के बीच सैन्य सयोग का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, सैनिकों के पटाया प्रवास को लेकर स्थानीय प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और अनुशासन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।