कुवैत में तमिल महिला ने वीडियो जारी कर मांगी मदद, 50 दिन से खाना नहीं मिलने का आरोप, 2 महीने की सैलरी भी बकाया
कुवैत में घरेलू काम करने गई तमिलनाडु की एक महिला ने वीडियो जारी कर खुद के साथ कथित प्रताड़ना किए जाने की शिकायत की है। महिला ने भारत सरकार और प्रशासन से उसे सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिला एक कमरे के अंदर हाथ जोड़कर मदद मांगती हुई नजर आ रही है। वह तमिल भाषा में भारत लौटने की अपील कर रही है। महिला का कहना है कि वह मौजूदा हालात को अब और सहन नहीं कर सकती।
50 दिन से खाना नहीं मिलने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि उसे करीब 50 दिनों से ठीक से खाना नहीं दिया गया। इसके अलावा उसकी दो महीने की सैलरी भी नहीं दी गई है। उसने वीडियो के जरिए अपनी परेशानी बताते हुए सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
तीन महीने पहले घरेलू काम के लिए गई थी कुवैत
महिला की पहचान वनिता के रूप में हुई है। वह तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले की रहने वाली है। परिवार के मुताबिक, वनिता करीब तीन महीने पहले घरेलू काम करने के लिए कुवैत गई थी।परिवार का कहना है कि विदेश जाने के बाद से ही वह मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर रही थी। वीडियो सामने आने के बाद परिवार ने उसकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन से मदद मांगी है।
तमिलनाडु प्रशासन ने परिवार से किया संपर्क
वीडियो वायरल होने के बाद तमिलनाडु प्रशासन ने वनिता के परिवार से संपर्क किया। वनिता की मां वेन्निला और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी सुरक्षित वापसी के लिए शिकायत दर्ज कराई है।प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और महिला को वापस लाने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।फिलहाल परि वार की मांग है कि वनिता को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाया जाए और उसकी शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।