व्हाइट हाउस में जिनपिंग के सम्मान में स्टेट डिनर, ट्रम्प ने दिया खास तोहफा; AI और ट्रेड पर हुई अहम चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर आयोजित किया। डिनर की तैयारियां फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प की देखरेख में की गईं।
स्टेट डिनर में मेहमानों को खास व्यंजन परोसे गए। शुरुआत गाढ़े सूप से हुई, जिसमें जंगली मशरूम, हरी जड़ी-बूटियां, पैनसेटा और हरे प्याज के तेल का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद तिल की परत वाली सी-बास मछली, बोक चॉय, भुना बैंगन और हरी चटनी परोसी गई। मिठाई में वनीला क्रीम, खट्टी चेरी, अखरोट और आइसक्रीम शामिल थी। आइसक्रीम में व्हाइट हाउस में तैयार किया गया शहद इस्तेमाल हुआ।
डिनर के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और चीन की राजनीतिक व्यवस्थाएं अलग हैं, लेकिन दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से बेहतर हैं।इस मौके पर ट्रम्प ने जिनपिंग को अमेरिका के राष्ट्रीय पक्षी बाल्ड ईगल का करीब 3 फीट ऊंचा स्टैच्यू भी गिफ्ट किया। ट्रम्प ने इसे अमेरिका की आजाद और ऊंची उड़ान भरने वाली भावना का प्रतीक बताया।
जिनपिंग ने रिश्तों और साझा इतिहास का जिक्र किया
स्टेट डिनर में अपने भाषण के दौरान जिनपिंग ने कहा कि चीन का मजबूत होना अमेरिका के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अपने बड़े लक्ष्य हैं और वे एक-दूसरे के साथ सहयोग कर सकते हैं।
जिनपिंग ने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका और चीन के साथ मिलकर जापान का मुकाबला करने का भी जिक्र किया। उन्होंने 1972 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की चीन यात्रा और पूर्व विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर की भूमिका को भी याद किया।
डिनर में टेक और बिजनेस जगत के बड़े चेहरे
स्टेट डिनर में अमेरिका के टेक और बिजनेस जगत की कई चर्चित हस्तियां भी पहुंचीं। इनमें जेफ बेजोस, एलन मस्क, सुंदर पिचाई, सैम ऑल्टमैन, ग्रेग ब्रॉकमैन, जेन्सेन हुआंग और माइकल डेल शामिल रहे।
सैम ऑल्टमैन व्हाइट हाउस पहुंचने पर लोगों को ऑटोग्राफ देते नजर आए। वहीं एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग अपने आम काले लेदर जैकेट के बजाय टक्सीडो में पहुंचे।
ट्रम्प-जिनपिंग की करीब 2 घंटे चली बैठक
स्टेट डिनर से पहले ट्रम्प और जिनपिंग के बीच व्हाइट हाउस में करीब 2 घंटे तक बैठक हुई। यह तय समय से लगभग एक घंटे ज्यादा चली।
बैठक में AI, व्यापार, सुरक्षा और अमेरिका-चीन संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। AI को लेकर जिनपिंग ने कहा कि इसे हमेशा इंसानों के नियंत्रण में रहना चाहिए।
दोनों देशों के बीच चल रहे व्यापार समझौते को भी दो महीने बढ़ाकर 10 जनवरी तक कर दिया गया है। वहीं जिनपिंग ने अगले 5 साल में 1 लाख अमेरिकी छात्रों को चीन आने का न्योता दिया।
बैठक के दौरान ट्रम्प ने जिनपिंग को व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम और हेलिपैड का काम भी दिखाया।
कुल मिलाकर जिनपिंग के अमेरिका दौरे के दौरान दोनों नेताओं की बैठक और स्टेट डिनर में व्यापार, AI, छात्रों के आदान-प्रदान और दोनों देशों के संबंधों से जुड़े कई मुद्दे चर्चा में रहे।