☰
×

Space Mission: चीन के तियांगोंग स्टेशन पहुंचे पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री, साथ में ले गए खास हलाल खाना

 

पाकिस्तान के मोहम्मद जीशान अली ने अंतरिक्ष की दुनिया में देश के लिए नया अध्याय शुरू किया है। बुधवार को वह चीन के शेनझोउ-24 मिशन के तहत अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए। इस मिशन के जरिए जीशान चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बने हैं। उनके साथ चीन के दो अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी मिशन का हिस्सा हैं। तांग होंगबो मिशन की कमान संभाल रहे हैं।

जीशान को अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक सप्ताह रहना है। इस दौरान वह पाकिस्तान की ओर से चुने गए चार वैज्ञानिक प्रयोगों को पूरा करेंगे। चीन ने उनके खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा है और मिशन के दौरान उनके लिए हलाल भोजन की व्यवस्था की गई है।

लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट से हुई उड़ान

जीशान अली ने चीन के जियुक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी। उन्हें लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। इस मिशन के लिए पाकिस्तान ने जीशान अली और खुर्रम दाऊद को उम्मीदवार के तौर पर चुना था। दोनों ने चीन में कई महीनों तक अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी ट्रेनिंग ली। बाद में जीशान को मुख्य अंतरिक्ष यात्री और खुर्रम को बैकअप के तौर पर चुना गया।

पाकिस्तान के पास मानव को अंतरिक्ष में भेजने की अपनी क्षमता नहीं होने के कारण उसे इस मिशन के लिए चीन की मदद लेनी पड़ी। मिशन को पाकिस्तान और चीन के बीच अंतरिक्ष सहयोग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने जीशान को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।

फाइटर पायलट हैं जीशान अली

जीशान अली पाकिस्तान वायुसेना में फाइटर पायलट हैं। अंतरिक्ष मिशन के लिए चयन के बाद उन्होंने चीन में लंबे समय तक प्रशिक्षण लिया। इस दौरान उन्होंने चीनी भाषा के अलावा अंतरिक्ष यान के संचालन, वैज्ञानिक प्रयोगों और आपात स्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग हासिल की।

ट्रेनिंग में जीरो ग्रैविटी में काम करने का अभ्यास भी शामिल था। इसके अलावा उन्होंने सेंट्रीफ्यूज, बचाव तकनीक और विभिन्न आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने की तैयारी की।

जीशान के लिए चीनी भाषा सीखना ट्रेनिंग का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा रहा। अंतरिक्ष यान के कई स्विच, सॉफ्टवेयर और तकनीकी निर्देश चीनी भाषा में होते हैं। इसलिए उन्हें सामान्य बातचीत के साथ तकनीकी चीनी भाषा भी सीखनी पड़ी।