South Africa Shooting: दक्षिण अफ्रीका में दो जगह ताबड़तोड़ फायरिंग, 27 लोगों की मौत; हमलावरों की तलाश जारी
दक्षिण अफ्रीका में लगातार दो गोलीबारी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जोहान्सबर्ग और केपटाउन में हुई अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं में कुल 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
जोहान्सबर्ग में बार के बाहर हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, जोहान्सबर्ग के गौतेंग प्रांत की वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात करीब 9:30 बजे गोलीबारी हुई। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग एक बार में मौजूद थे और पार्टी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, करीब आठ अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले बार के बाहर बैठे लोगों पर गोलियां चलाईं और फिर अंदर जाकर वहां मौजूद लोगों को भी निशाना बनाया। इस घटना में 17 लोगों की मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों के पास AK-47 राइफल के अलावा पिस्तौल भी थीं। फायरिंग के बाद उन्होंने कुछ लोगों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके बाद सभी आरोपी दो अज्ञात वाहनों में बैठकर मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। रविवार तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।
घटना से पहले बार में चल रही थी पार्टी
जोहान्सबर्ग की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें गोलीबारी से पहले लोगों को बार में पार्टी करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद अचानक हमलावर हथियार लेकर वहां पहुंचते हैं और फायरिंग शुरू कर देते हैं।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
केपटाउन में भी 10 लोगों की मौत
दूसरी गोलीबारी की घटना केपटाउन के ल्वांडले इलाके में रविवार सुबह हुई। इस घटना में 10 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभी तक दोनों मामलों के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।
एक साल में 21 मास शूटिंग की घटनाएं
दक्षिण अफ्रीका में सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। 'द साउथ अफ्रीका' की रिपोर्ट के मुताबिक, 27 सितंबर 2025 से 26 सितंबर 2026 के बीच देश में 21 मास शूटिंग की घटनाएं दर्ज की गईं।
इन घटनाओं में 140 से ज्यादा लोगों की मौत होने का दावा किया गया है। ताजा घटनाओं के बाद पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने की चुनौती है।