मिनियापोलिस के अपार्टमेंट में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 2 लोगों की मौत; 3 पुलिस अधिकारी समेत 6 घायल
अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग के अंदर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। घटना में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि गोलीबारी करने वाला संदिग्ध भी मारा गया। इस हमले में मिनियापोलिस पुलिस के 3 अधिकारी घायल हुए हैं। अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक, तीनों पुलिस अधिकारियों की हालत फिलहाल स्थिर है।
मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोली लगने से एक पीड़ित की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दूसरे घायल ने हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ले जाए जाने के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना में 6 अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
गोलीबारी के दौरान क्या हुआ?
पुलिस के अनुसार, घटना मिनियापोलिस के डाउनटाउन इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई। गोलीबारी की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शी जूलियस बेली ने बताया कि वह अपने अपार्टमेंट के बाहर बैठे थे, तभी उन्हें गोलियों की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उन्होंने एक व्यक्ति को पिस्तौल के साथ देखा। बेली के मुताबिक, वह व्यक्ति उसी बिल्डिंग में रहता था।
बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला के चीखने की आवाज भी सुनी और इसके तुरंत बाद वहां से भाग गए। उनके मुताबिक, उन्होंने करीब 8 गोलियां चलने की आवाज सुनी।
पहले भी हथियार दिखाता था संदिग्ध
जूलियस बेली ने दावा किया कि वह हथियार लेकर घूम रहे व्यक्ति को पहचानते थे। उनका कहना है कि संदिग्ध अक्सर अपनी पिस्तौल लोगों को दिखाता रहता था। बेली ने बताया कि उन्हें पहले से अंदेशा था कि यह व्यक्ति किसी परेशानी का कारण बन सकता है।
इसी अपार्टमेंट में रहने वाले क्रिस मिलर ने भी लगातार कई गोलियां चलने की आवाज सुनने की बात कही। उन्होंने बताया कि आवाज सुनते ही वह तुरंत बाहर निकल गए।
मिलर के मुताबिक, इसी सप्ताह उन्होंने हॉलवे में एक व्यक्ति को हैंडगन के साथ देखा था और इसकी शिकायत अपार्टमेंट मैनेजमेंट से भी की थी।
पुलिस अधिकारियों के घायल होने से बढ़ी चिंता
गोलीबारी के दौरान मिनियापोलिस पुलिस के तीन अधिकारी भी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। गोलीबारी की वजह और संदिग्ध के मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
गवर्नर टिम वाल्ज ने जताया आभार
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थानीय पुलिस को घटना से निपटने में मदद कर रहे हैं।
वाल्ज ने पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि वे डाउनटाउन मिनियापोलिस में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।
FBI भी जांच में जुटी
FBI डायरेक्टर काश पटेल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि FBI घटना पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए जरूरत के मुताबिक सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वजह तथा संदिग्ध की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।