5 स्टार होटल में सऊदी शहजादे की मौत की गुत्थी सुलझी, 8 महीने बाद सामने आई चौंकाने वाली जानकारी
लंदन के एक आलीशान होटल में शराब, नशीली दवाओं और एंटी-डिप्रेसेंट का मिश्रण लेने के बाद सऊदी अरब के 29 वर्षीय राजकुमार की मौत हो गई। उनकी मौत के आठ महीने बाद यूके में हुई जांच (इनक्वेस्ट) के दौरान इस घटना की जानकारी सामने आई। *द टाइम्स* (यूके) की एक रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद के तौर पर हुई है। पिछले साल 25 नवंबर को केंसिंग्टन के मैरियट होटल में उनके कमरे में वे मृत पाए गए थे। जांच में पता चला कि कई तरह की दवाओं और नशीले पदार्थों के एक साथ सेवन से उन्हें जानलेवा हार्ट अटैक आया; दवाओं के इस घातक मिश्रण ने उनकी जान ले ली।
जांच में क्या पता चला?
इनर वेस्ट लंदन कोरोनर कोर्ट में हुई जांच में पता चला कि 29 वर्षीय राजकुमार 19 नवंबर को एक हफ्ते के लिए होटल में रुके थे। मौत से एक शाम पहले उन्हें सीसीटीवी में सिगरेट पीने के लिए बाहर जाते हुए आखिरी बार देखा गया था। बाद में, जब एक सफाईकर्मी पांचवीं मंजिल पर स्थित उनके बंद कमरे में गया, तो वे बाथरूम के फर्श पर पूरी तरह कपड़े पहने हुए मृत पाए गए। होटल की सुरक्षा टीम और एम्बुलेंस सेवा को बुलाया गया, लेकिन वे उन्हें बचा नहीं सके और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जांच की टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट से पता चला कि युवा राजकुमार के खून में इथेनॉल का स्तर 222 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर था। यह स्तर शराब पीकर गाड़ी चलाने की 80 मिलीग्राम की सीमा से काफी अधिक था और संभवतः कोमा में ले जाने के लिए काफी था। उनके शरीर में गामा-हाइड्रॉक्सीब्यूटायरेट (GHB) – जो एक जानी-मानी "पार्टी ड्रग" है – की घातक मात्रा भी पाई गई। इसके अलावा, मारिजुआना के अंश, चिंता दूर करने वाली दवा (एंटी-एंग्जायटी ड्रग) अल्प्राजोलम की नशीली मात्रा और चिंता दूर करने वाली अन्य दवाओं की चिकित्सीय मात्रा भी पाई गई।