ईरान के साथ जंग रोकने की कोशिश तेज, वीडियो में जाने सऊदी अरब-पाकिस्तान-तुर्किये के अधिकारी तेहरान पहुंचे; पजशकियान बोले- मुस्लिम देश एकजुट हों
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के साथ संभावित युद्ध को रोकने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के वरिष्ठ अधिकारी सोमवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे। यहां उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बातचीत का प्रमुख मुद्दा क्षेत्रीय सुरक्षा, आपसी सहयोग और तनाव कम करने के रास्ते तलाशना रहा।यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर जल्द हमला करने की धमकी दी थी। ऐसे में तीन मुस्लिम देशों के अधिकारियों की तेहरान यात्रा को क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पजशकियान बोले- मुस्लिम देशों को एकजुट होना चाहिए
बैठक के दौरान ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने मुस्लिम देशों से क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों को अपने लोगों के सामने मौजूद खतरों का संयुक्त रूप से सामना करना चाहिए।
पजशकियान ने आपसी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने और देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उनके मुताबिक, क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल और एकजुटता बेहद जरूरी है।उन्होंने यह भी कहा कि बैठकों के दौरान होने वाला ऐसा कोई भी समझौता, जिससे क्षेत्र में एकता, आपसी समन्वय और सहयोग मजबूत होता है, उसे ईरान का पूरा समर्थन मिलेगा।
बैठक में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के बड़े अधिकारी शामिल
तेहरान में हुई इस बैठक में तीनों देशों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सऊदी अरब की ओर से रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान, पाकिस्तान की ओर से सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और तुर्किये की ओर से खुफिया प्रमुख इब्राहिम कालिन शामिल हुए।