Russia-Ukraine War: जापोरिज्जिया में रूसी हवाई हमला, 24 लोगों की मौत; राहत केंद्र और शेल्टर के पास हुआ धमाका
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में नागरिकों की जान जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। दक्षिणी यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में सोमवार को रूसी हवाई हमले में 24 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, हमला कोमिशुवाखा बस्ती में हुआ, जहां एक स्कूल में राहत सामग्री बांटने का केंद्र संचालित किया जा रहा था। इसके पास ही लोगों के लिए शेल्टर भी बनाया गया था।
हमले में राहतकर्मी और पुलिसकर्मियों की भी मौत
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस हमले में दो राहतकर्मियों और चार पुलिसकर्मियों की भी जान गई है। उन्होंने घटना को बेहद भयावह बताते हुए नागरिकों और राहत कार्यों से जुड़े लोगों की मौत पर दुख जताया।
इससे पहले 29 अक्टूबर को यूक्रेन के तीसरे सबसे बड़े शहर द्नीप्रो के रेलवे स्टेशन पर ड्रोन हमला हुआ था। इस घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई थी।
यूक्रेन के नागरिक ठिकाने बन रहे निशाना
यूक्रेन में रूसी हमलों के दौरान नागरिक बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं। इनमें रिटेल चेन, लॉजिस्टिक्स से जुड़े केंद्र और रिहायशी इमारतें शामिल हैं।
ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं, जब पिछले महीने रूसी सेना को युद्ध के मोर्चे पर भारी नुकसान उठाना पड़ा था। इस दौरान उसे कुछ इलाकों से पीछे भी हटना पड़ा।
सितंबर में नागरिकों की मौत में 85 फीसदी बढ़ोतरी
संयुक्त राष्ट्र (UN) की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में यूक्रेन में नागरिकों की मौत के आंकड़े में 85 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रूस की ओर से फरवरी 2022 में पूर्ण पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद यह सितंबर महीने का सबसे बड़ा आंकड़ा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, उस महीने हुए हमलों में नागरिकों की आधे से ज्यादा मौतें लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन हमलों के कारण हुईं। लगातार हो रहे हमलों से यूक्रेन में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।