☰
×

रूस का अब तक का सबसे बड़ा रक्षा बजट, 3 साल में सेना पर खर्च करेगा ₹54 लाख करोड़; भारत के बजट से दोगुने से ज्यादा रकम

 

रूस ने सोवियत संघ के विघटन के बाद अपना सबसे बड़ा रक्षा बजट पेश किया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार अगले तीन साल में सेना और रक्षा क्षेत्र पर करीब 50 लाख करोड़ रूबल खर्च करने की योजना बना रही है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 54 लाख करोड़ रुपये बैठती है।इस हिसाब से रूस हर साल औसतन करीब 18 लाख करोड़ रुपये सेना पर खर्च करेगा। यह भारत के वित्त वर्ष 2026-27 के लिए तय 7.85 लाख करोड़ रुपये के रक्षा बजट से लगभग 2.3 गुना ज्यादा है। यानी रूस का सालाना सैन्य खर्च भारत के मुकाबले दोगुने से भी अधिक रहने का अनुमान है।

रूस के कुल बजट का 35% हिस्सा सेना पर खर्च होगा

रूस के नए बजट के मुताबिक, साल 2027 में सरकार के कुल खर्च का करीब 35.2 फीसदी हिस्सा सेना और रक्षा क्षेत्र पर लगाया जाएगा। इसका मतलब है कि सरकार हर 100 रूबल खर्च करेगी तो उसमें से लगभग 35 रूबल सैन्य जरूरतों पर खर्च होंगे।सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रूस 2027 में सेना पर 17.15 लाख करोड़ रूबल यानी करीब 19.84 लाख करोड़ रुपये खर्च कर सकता है। यह 2026 के लिए निर्धारित 12.93 लाख करोड़ रूबल (करीब 14.95 लाख करोड़ रुपये) से लगभग 33 फीसदी अधिक है।

आने वाले वर्षों में रक्षा खर्च में थोड़ी कमी का अनुमान जरूर है, लेकिन यह अब भी काफी ऊंचे स्तर पर रहेगा।

  • 2027: 17.15 लाख करोड़ रूबल (करीब 19.84 लाख करोड़ रुपये)

  • 2028: 16.61 लाख करोड़ रूबल (करीब 19.21 लाख करोड़ रुपये)

  • 2029: 16.30 लाख करोड़ रूबल (करीब 18.85 लाख करोड़ रुपये)

यूक्रेन युद्ध पर अब तक खर्च कर चुका है ₹67 लाख करोड़

रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 में युद्ध शुरू हुआ था। इसके बाद से रूस लगातार अपने सैन्य खर्च में बढ़ोतरी कर रहा है।

जर्मनी के इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल एंड सिक्योरिटी अफेयर्स के शोधकर्ता जेनिस क्लुग के अनुमान के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से रूस अब तक सेना पर करीब 58.3 लाख करोड़ रूबल यानी लगभग 67.45 लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुका है।

रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने 2027 के रक्षा बजट में पहले के अनुमान से करीब 3.58 लाख करोड़ रूबल (लगभग 4.14 लाख करोड़ रुपये) की बढ़ोतरी की है। वहीं, 2028 के बजट में भी करीब 3.56 लाख करोड़ रूबल (लगभग 4.11 लाख करोड़ रुपये) अतिरिक्त जोड़े गए हैं।

अगर रूस अगले तीन वर्षों के लिए निर्धारित पूरा रक्षा बजट खर्च करता है, तो 2022 से 2029 के बीच उसका कुल सैन्य खर्च करीब 108 लाख करोड़ रूबल यानी लगभग 124.45 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

इस अनुमान में घोषित सैन्य खर्च के साथ गोपनीय रखे गए खर्च भी शामिल हैं। हालांकि, रूस का वास्तविक रक्षा खर्च इससे अधिक हो सकता है, क्योंकि सेना से जुड़ी कुछ मदों का भुगतान दूसरे सरकारी विभागों के बजट से भी किया जाता है।

सेना पर खर्च बढ़ा, स्वास्थ्य और पेंशन बजट में कटौती

रूस सरकार एक तरफ सेना और रक्षा क्षेत्र पर भारी रकम खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ आम लोगों से जुड़ी कई सरकारी योजनाओं के बजट में कटौती की तैयारी है।

द मॉस्को टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के लिए पहले तय बजट की तुलना में 2027 में कई क्षेत्रों को कम फंड मिल सकता है।

  • अर्थव्यवस्था: इस क्षेत्र के बजट में करीब 3 फीसदी की कमी का अनुमान है।

  • आवास और सार्वजनिक सुविधाएं: घर, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं से जुड़े बजट में करीब 8 फीसदी कटौती हो सकती है।

  • स्वास्थ्य सेवाएं: स्वास्थ्य क्षेत्र के खर्च में लगभग 3 फीसदी की कमी का अनुमान है।

  • पेंशन और सरकारी सहायता: इन योजनाओं के बजट में करीब 6 फीसदी की कटौती हो सकती है।

इसका मतलब है कि रूस सरकार रक्षा जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है, जबकि स्वास्थ्य, पेंशन और दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं पर खर्च कम करने की योजना बना रही है।

रूस के बजट में 66 अरब डॉलर का घाटा होने का अनुमान

लगातार बढ़ते सैन्य खर्च का असर रूस की अर्थव्यवस्था और सरकारी खजाने पर भी दिखाई दे रहा है। सरकार की अनुमानित कमाई और खर्च के बीच बड़ा अंतर होने के कारण 2027 में बजट घाटा 5.44 लाख करोड़ रूबल यानी करीब 6.29 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

यह रकम रूस की कुल अर्थव्यवस्था (GDP) का लगभग 2.2 फीसदी होगी। बजट घाटे का मतलब है कि सरकार की कमाई उसके कुल खर्च से कम होगी। इस अंतर को पूरा करने के लिए सरकार को कर्ज लेना पड़ सकता है।

शोधकर्ता जेनिस क्लुग के मुताबिक, 2026 के पहले तीन महीनों में रूस सरकार ने अपने कुल खर्च का करीब 46 फीसदी हिस्सा सेना पर लगाया था। इस दौरान सैन्य खर्च 5.9 लाख करोड़ रूबल यानी लगभग 6.83 लाख करोड़ रुपये रहा।

कुल मिलाकर रूस का नया रक्षा बजट दिखाता है कि यूक्रेन युद्ध के बीच सरकार की प्राथमिकता सैन्य ताकत और रक्षा जरूरतें बनी हुई हैं। हालांकि, इस भारी खर्च के कारण सरकारी खजाने पर दबाव बढ़ रहा है और आम लोगों से जुड़ी योजनाओं के बजट में कटौती की आशंका भी सामने आ रही है।