अमेरिका में 4.4 टन जहरीले विस्फोटक को उड़ाने की तैयारी, वीडियो में जाने 160 किमी तक फैल सकती है जहरीली धूल
अमेरिका के आयोवा राज्य के मिडलटाउन शहर में इन दिनों लोगों के बीच डर का माहौल है। शहर के कई परिवार अपने घरों की खिड़कियां बंद कर रहे हैं, बच्चों को बाहर भेजने से बच रहे हैं और कुछ लोग दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहे हैं। इसकी वजह अमेरिकी सेना की एक योजना है। सेना मिडलटाउन के पास स्थित सैन्य ठिकाने पर रखे करीब 4.4 टन खतरनाक विस्फोटक को धमाके से नष्ट करने जा रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि विस्फोट के बाद निकलने वाली जहरीली धूल उनके घरों तक पहुंच सकती है। सेना के मुताबिक, इस प्रक्रिया के दौरान सीसे (लेड) से जुड़ी जहरीली धूल हवा के साथ करीब 160 किलोमीटर तक फैल सकती है। ऐसे में आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बताया गया है कि यह धमाका भारतीय समयानुसार आज रात साढ़े 8 बजे किया जाएगा।
68 ड्रमों में रखा है खतरनाक केमिकल
यह विस्फोटक आयोवा के मिडलटाउन स्थित आयोवा सैन्य गोला-बारूद फैक्ट्री में रखा हुआ है। इसे 68 ड्रमों में भरकर दो बंकरों के अंदर रखा गया है। इस केमिकल का नाम लेड एजाइड है। इसका इस्तेमाल बम और दूसरे सैन्य हथियारों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है।लेड एजाइड बेहद संवेदनशील विस्फोटक पदार्थ माना जाता है। इसका उपयोग सैन्य हथियारों में डेटोनेटर के रूप में होता है। यानी यह मुख्य विस्फोटक को सक्रिय करने की शुरुआती प्रक्रिया में मदद करता है। यही वजह है कि इसके खराब होने की स्थिति में इसे संभालना और सुरक्षित तरीके से नष्ट करना बड़ी चुनौती बन जाता है।
मार्च में जांच के दौरान खराब होने का पता चला
अमेरिकी सेना को मार्च 2026 में नियमित जांच के दौरान इस केमिकल के खराब होने की जानकारी मिली थी। जांच में ड्रमों के बाहरी हिस्से और उनके ढक्कनों पर सफेद रंग के क्रिस्टल जमे हुए दिखाई दिए। यह संकेत था कि केमिकल की स्थिति खतरनाक हो चुकी है।ड्रमों पर जमे सफेद क्रिस्टल ने सेना की चिंता बढ़ा दी, क्योंकि इस तरह के संवेदनशील विस्फोटक पदा को सामान्य तरीके से हटाना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बाद इसे नष्ट करने की योजना बनाई गई। हालांकि, इस प्रक्रिया को लेकर स्थानीय लोगों में सुरक्षा संबंधी सवाल उठ रहे हैं।
करीब 400 आबादी वाले शहर में चिंता
मिडलटाउन की आबादी करीब 400 बताई जाती है। छोटे शहर के लोगों को डर है कि धमाके के बाद हवा में फैलने वाली जहरीली धूल उनके स्वास्थ्य और घरों के लिए खतरा बन सकती है। खासतौर पर सीसे के संपर्क में आने को लेकर चिंता जताई जा रही है, क्योंकि सीसा मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।फिलहाल लोगों की नजर सेना की कार्रवाई पर है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि विस्फोट के बाद निकलने वाली धूल कितनी दूर तक पहुंचेगी और आसपास के लोगों को इससे बचाने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं। सेना की ओर से बताई गई संभावित 160 किलोमीटर की दूरी ने इस छोटे से शहर के साथ आसपास के इलाकों में भी चिंता बढ़ा दी है।