☰
×

इजराइल में सत्ता बदलने की तैयारी? नेतन्याहू ने विपक्षी नेता को दिया बारी-बारी से PM बनने का प्रस्ताव, 6 दिसंबर तक बनानी है सरकार

 

इजराइल की राजनीति में सत्ता को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू विपक्षी नेता गादी आइजनकोट को प्रधानमंत्री बनाने के प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेतन्याहू जल्द ही उनके सामने एक ऐसा प्रस्ताव रख सकते हैं, जिसके तहत दोनों नेता बारी-बारी से प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे।

प्रस्ताव के मुताबिक, पहले गादी आइजनकोट प्रधानमंत्री बनेंगे और उनके बाद नेतन्याहू को यह पद मिलेगा। बताया जा रहा है कि यह प्रस्ताव आइजनकोट तक पहुंच भी चुका है। हालांकि, उन्हें नेतन्याहू की इस पेशकश पर भरोसा नहीं है। वह फिलहाल अपने गठबंधन के जरिए नई सरकार बनाने की कोशिश में जुटे हैं। उनके पास बहुमत साबित करने के लिए 6 दिसंबर तक का समय है।

लिबरमैन ने बताया नेतन्याहू की राजनीतिक चाल

इजराइल की यिजराइल बेतेनु पार्टी के प्रमुख एविगडोर लिबरमैन ने नेतन्याहू के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम नई सरकार बनने की प्रक्रिया को रोकने और देश में दोबारा चुनाव कराने की रणनीति हो सकता है।

लिबरमैन के मुताबिक, नेतन्याहू सरकार बनाने को लेकर बातचीत को आखिरी समय तक खींच सकते हैं। इसके बाद किसी विवाद या बहाने के जरिए गठबंधन तोड़कर देश को फिर से चुनाव की स्थिति में पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अगर दोनों नेताओं के बीच गठबंधन बन भी जाता है तो नेतन्याहू कुछ महीनों बाद उसमें विवाद पैदा कर सकते हैं। इससे देश में एक बार फिर चुनाव कराने की नौबत आ सकती है।

आइजनकोट को सरकार बनाने के लिए 13 सीटों की जरूरत

इजराइल की संसद में बहुमत के लिए 61 सीटों की आवश्यकता होती है। फिलहाल गादी आइजनकोट के चार दलों के गठबंधन के पास 48 सीटें हैं। यानी सरकार बनाने के लिए उन्हें 13 अतिरिक्त सीटों का समर्थन जुटाना होगा।

इसके लिए उनके सामने दो विकल्प हैं। वह अरब पार्टियों का समर्थन ले सकते हैं या कट्टरपंथी यहूदी धार्मिक दलों को अपने गठबंधन में शामिल कर सकते हैं।

फिलहाल आइजनकोट दोनों विकल्पों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी योजना यूनाइटेड टोरा जूडिज्म और अरब पार्टी राअम का समर्थन हासिल करने की है।

हालांकि, इस रणनीति से उनके गठबंधन के कुछ नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान इन नेताओं ने अरब और कट्टरपंथी यहूदी धार्मिक पार्टियों के साथ सरकार नहीं बनाने का वादा किया था। लेकिन स्पष्ट चुनावी बहुमत नहीं मिलने के कारण अब राजनीतिक दल दोबारा चुनाव से बचने के लिए समझौते करने पर विचार कर रहे हैं।

वहीं, डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रमुख यायर गोलान ने अरब पार्टियों के समर्थन से अल्पमत सरकार बनाने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि नेतन्याहू को सत्ता से हटाने का यही सबसे व्यावहारिक रास्ता है।

आइजनकोट का आरोप- लिकुड पार्टी गंभीरता से नहीं कर रही बातचीत

गादी आइजनकोट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर नेतन्याहू की पार्टी लिकुड पर गंभीरता से बातचीत नहीं करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि वह लिकुड के साथ मिलकर सरकार बनाने के लिए समझौता करने को तैयार हैं, लेकिन दूसरी तरफ से सकारात्मक पहल नहीं हो रही है।

आइजनकोट के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह में उनकी याशार पार्टी और लिकुड की बातचीत करने वाली टीमों के बीच केवल पांच बैठकें हुई हैं। उन्होंने ज्यादा बैठकें करने का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन लिकुड ने इस पर सहमति नहीं जताई।

उन्होंने आरोप लगाया कि लिकुड तीन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है।

  • 7 अक्टूबर 2023 के हमले की जांच: हमास के हमले और उससे पहले हुई सुरक्षा चूकों की जांच के लिए सरकारी जांच आयोग का गठन करना।

  • कट्टरपंथी नेताओं को हटाना: सरकार में शामिल कट्टरपंथी नेताओं की भूमिका को खत्म करना।

  • सैन्य सेवा का कानून: देश के सभी नागरिकों के लिए सैन्य या राष्ट्रीय सेवा अनिवार्य करने की व्यवस्था लागू करना।

आइजनकोट ने दावा किया कि उनका गठबंधन जांच आयोग के गठन और न्याय व्यवस्था में बदलाव जैसे मुद्दों पर समझौता करने को भी तैयार था। इसके बावजूद लिकुड की तरफ से कोई ठोस प्रस्ताव सामने नहीं आया।

6 दिसंबर तक सरकार बनाने का मौका, फिर नेतन्याहू को मिल सकती है जिम्मेदारी

इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को गादी आइजनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए उन्हें 6 दिसंबर तक का समय दिया गया है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति इस समयसीमा को 14 दिन और बढ़ा सकते हैं।

यह तारीख आइजनकोट के लिए व्यक्तिगत रूप से भी भावनात्मक महत्व रखती है। 7 दिसंबर को उनके बेटे गाल की मौत की तीसरी बरसी है। उनके 25 वर्षीय बेटे की गाजा में लड़ाई के दौरान मौत हुई थी।

अगर आइजनकोट निर्धारित समय में बहुमत जुटाने में नाकाम रहते हैं तो राष्ट्रपति दोबारा बेंजामिन नेतन्याहू को सरकार बनाने का मौका दे सकते हैं। हालांकि, नेतन्याहू भी बहुमत हासिल नहीं कर पाए तो इजराइल में फिर से आम चुनाव कराने की स्थिति बन सकती है।

फिलहाल इजराइल की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आइजनकोट बहुमत जुटाकर नई सरकार बना पाएंगे या नेतन्याहू एक बार फिर सत्ता में वापसी करने में सफल होंगे। आने वाले कुछ दिन देश की राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।