बैंकॉक में भारतीय गैंग के ठिकाने पर पुलिस का छापा, दो युवकों को कराया मुक्त; 5 भारतीय गिरफ्तार
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में पुलिस ने एक भारतीय गिरोह के ठिकाने पर छापेमारी कर दो युवकों को उसके चंगुल से छुड़ाया है। आरोप है कि गिरोह ने दोनों युवकों को अगवा कर एक मकान में बंधक बना रखा था और उनसे दूसरे देशों में तस्करी के लिए गांजा पैक करवाया जाता था। काम करने से इनकार करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी। पुलिस ने मामले में पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
थाई मीडिया अमारिन टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने 24 नवंबर को बैंकॉक के पटनाकान 38 इलाके में एक मकान पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आरोपी गांजे को बड़े सूटकेस और हाथियों की तस्वीर वाले कपड़े के थैलों में भर रहे थे। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में गांजा और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की।
मकान की दूसरी मंजिल पर मिले दोनों बंधक
पुलिस को तलाशी के दौरान मकान की दूसरी मंजिल पर दोनों भारतीय युवक मिले। इनमें मोहम्मद की हालत गंभीर बताई गई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे और उसकी कलाई भी टूटी हुई थी।
मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि करीब चार दिन पहले उसका अपहरण किया गया था। वहीं, दूसरा युवक लगभग 10 दिनों से मकान में कैद था। आरोपियों ने मोहम्मद की मां को वीडियो कॉल करके बेटे की रिहाई के बदले 4 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। परिवार ने शुरुआत में 10 लाख रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद युवक को नहीं छोड़ा गया।
रिपोर्ट के अनुसार, फिरौती की रकम नहीं मिलने पर दोनों युवकों को लोहे की रॉड और कुदाल से पीटा जाता था। उन्हें पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था।
गांजे की खेप नहीं पहुंचने पर किया गया अपहरण
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि गिरोह का एक सदस्य गांजे की तस्करी में शामिल था। बताया गया कि वह गांजे की एक खेप तय स्थान तक पहुंचाने में नाकाम रहा था। इसके बाद गिरोह ने उससे जुड़े लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया और दोनों युवकों का अपहरण कर लिया।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवकों को बंधक बनाकर उनसे गांजे की पैकिंग और उसे दूसरे देशों में भेजने की तैयारी से जुड़े काम करवाए।
भारतीय अधिकारियों के साथ तालमेल से हुई छापेमारी
थाईलैंड के इमिग्रेशन ब्यूरो के कमिश्नर लेफ्टिनेंट जनरल नोप्पासिल पूलसावत ने बताया कि भारतीय अधिकारियों के साथ समन्वय के बाद यह कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों ने भी मकान से गांजे की तेज गंध आने की शिकायत पुलिस से की थी।गिरफ्तार किए गए पांच भारतीयों में एक महिला भी शामिल है। जांच में सामने आया कि महिला को पहले भी अपने सामान में गांजे के फूल छिपाकर ले जाने के आरोप में पकड़ा जा चुका था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर थी।पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, दूसरे देशों में उसके संपर्कों और गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।