PM मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को दी बधाई, वीडियो में देंखे इटली में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का बनाया रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को देश की सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मेलोनी को अपनी मित्र बताते हुए उनकी इस उपलब्धि को इटली के लोगों के भरोसे और समर्थन का प्रतीक बताया।पीएम मोदी ने कहा कि जॉर्जिया मेलोनी की यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मेलोनी की मित्रता भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि भारत और इटली दोनों देशों के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए आगे भी मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने मेलोनी को आने वाले वर्षों में सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मेलोनी सरकार ने बनाया नया रिकॉर्ड
जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने शुक्रवार को लगातार 1413 दिन सत्ता में रहकर इटली में नया रिकॉर्ड कायम किया। 1946 में इटली के गणराज्य बनने के बाद यह किसी एक कैबिनेट का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल बन गया है।मेलोनी ने यह रिकॉर्ड इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड तोड़कर बनाया है। बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट साल 2001 से 2005 तक कुल 1412 दिन सत्ता में रही थी।
2022 में संभाली थी सत्ता
जॉर्जिया मेलोनी ने अक्टूबर 2022 में इटली की प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उनकी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली के नेतृत्व में बनी सरकार ने गठबंधन सहयोगियों के साथ अपना कार्यकाल जारी रखा है। मेलोनी के नेतृत्व में इटली और भारत के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। पीएम मोदी की बधाई को दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।