×

Petrol-Diesel Price: आजादी के जश्न से पहले ईंधन के दामों में इजाफा, जानें पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के रेट

 

पाकिस्तान आज, 14 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस साल देश में महंगाई बढ़ रही है। खबरों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाई गई हैं, जिसका बोझ अब आम लोगों पर पड़ेगा।

**कीमतें कितनी बढ़ी हैं?**

पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम विभाग ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 0.45 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे इसकी कीमत 324.98 रुपये से बढ़कर 325.43 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

वहीं, हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 1.16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह 382.79 रुपये से बढ़कर 383.95 रुपये प्रति लीटर हो गया है। ये नई कीमतें 14 अगस्त से लागू हो गई हैं। कीमतों में यह बढ़ोतरी ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) की सिफारिशों के आधार पर की गई है।

**पाकिस्तान का प्राइसिंग सिस्टम क्या है?**

ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी पाकिस्तान के संशोधित पेट्रोलियम प्राइसिंग सिस्टम के तहत की गई है, जिसमें OGRA हर दिन ईंधन की कीमतें तय करता है। यह सिस्टम देश में जुलाई में मिडिल ईस्ट में तनाव शुरू होने के बाद लागू किया गया था। इन घटनाओं का ग्लोबल एनर्जी मार्केट पर काफी असर पड़ा और इंटरनेशनल ऑयल मार्केट में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

गौरतलब है कि ईरान-अमेरिका तनाव का देश में तेल आयात पर काफी असर पड़ा था। इस स्थिति के कारण भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई थी। पाकिस्तान में इससे पहले अप्रैल में ईंधन की कीमतों में बदलाव हुआ था, और हालिया बढ़ोतरी का मतलब है कि जनता एक बार फिर महंगाई की मार झेलेगी।