Pannun Murder Plot: निखिल गुप्ता को अमेरिका में 19 साल 7 महीने की जेल, कोर्ट में मांगी माफी; कहा- अपने किए पर पछतावा है
अमेरिका की एक अदालत ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 वर्षीय निखिल ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप स्वीकार कर लिए थे।
शुक्रवार को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल ने पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है, लेकिन अब वह अतीत में हुई घटनाओं को बदल नहीं सकते। करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद जज विक्टर मारेरो ने सजा का ऐलान किया।
निखिल बोले- पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं
सजा सुनाए जाने से पहले निखिल गुप्ता ने अदालत में करीब छह मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जैसे नेताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे इन महान हस्तियों के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।
इसके बाद निखिल ने पन्नू की ओर देखते हुए कहा कि उन्होंने जो किया, उसे अब बदला नहीं जा सकता। उन्होंने पन्नू, सिख समुदाय और इस मामले से प्रभावित लोगों से माफी मांगी। अपनी बात रखते हुए वह भावुक भी हो गए।
निखिल ने कहा कि इस मामले के कारण उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि उनका इस पूरे घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अदालत से कहा कि वे हर सजा स्वीकार करेंगे और जेल से बाहर आने के बाद एक बेहतर इंसान बनने की कोशिश करेंगे।
पन्नू ने कहा- 1,200 दिनों से सामान्य तरीके से काम नहीं कर पाया
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत में अपना पक्ष रखा। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1,200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य रूप से वकालत का काम नहीं कर पाया है।
पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। इस दौरान जज ने उसे अपनी दलीलें संक्षेप में रखने के लिए कहा, ताकि सुनवाई आगे बढ़ाई जा सके।
सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले थे। पन्नू भी सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहा। उसके साथ सिख समुदाय के कई लोग भी पहुंचे थे।
सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जा सकते हैं निखिल
अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा पूरी होने के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। जज ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निखिल के वकीलों ने अदालत के फैसले पर निराशा जताई। उनका कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि अदालत इससे कम सजा सुनाएगी।
ऐसे रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश
अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया है।
अमेरिकी अभियोजन पक्ष के आरोपों के अनुसार, विकास यादव के कहने पर निखिल ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था।
आरोप है कि निखिल ने उस व्यक्ति से न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, विकास यादव ने निखिल के जरिए हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात कही थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, 9 जून 2023 के आसपास निखिल और विकास ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे।
अमेरिकी एजेंसियों की पकड़ से बाहर है विकास यादव
अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को इस मामले में आरोपी बनाया था। इसके बाद FBI ने उसकी तलाश के लिए वांटेड पोस्टर भी जारी किया था। माना जाता है कि वह भारत में है।
इससे पहले दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने उसे अपहरण और वसूली से जुड़े एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था। अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आ गया था। भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि विकास यादव अब सरकारी सेवा में नहीं है।
निखिल गुप्ता को सजा सुनाए जाने से ठीक पहले अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत में एक और दावा किया। उनके मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव और निखिल गुप्ता नेपाल या पाकिस्तान में एक अन्य व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे।
भारत सरकार ने हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप नकारे
इस मामले में गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा भी दायर किया है। पन्नू का आरोप है कि उसकी हत्या की साजिश में ये लोग शामिल थे।
13 नवंबर को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने इस मुकदमे से जुड़े समन और अन्य दस्तावेज भारत में संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए कानूनी प्रक्रिया का निर्देश दिया था। अजीत डोभाल के संबंध में पटियाला हाउस और सामंत गोयल के संबंध में द्वारका तथा तीस हजारी अदालतों से मदद मांगी गई है।
हालांकि, निखिल गुप्ता की वकील किर्शनर ने स्पष्ट किया कि पन्नू का यह मुकदमा निखिल के आपराधिक मामले से अलग है और इसका उसकी सजा से कोई संबंध नहीं है।
भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने के आरोपों को लगातार खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को सिरे से नकारता है। उन्होंने पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था।