ढाका में बम धमाकों और आगजनी से हड़कंप: मोहम्मद यूनुस के आवास को बनाया गया निशाना, अवामी लीग के बंद के ऐलान के बीच 565 गिरफ्तार
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी बंद के ऐलान के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। राजधानी ढाका समेत कई शहरों में बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी। इसके अलावा उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाया गया है।
ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमले हुए हैं। वहीं, BNP के कार्यालयों और नेताओं की संपत्तियों में आगजनी की खबरें भी सामने आई हैं। इन घटनाओं के पीछे अलग-अलग राजनीतिक गुटों के कार्यकर्ताओं की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
लॉकडाउन से पहले ढाका में 565 लोगों की गिरफ्तारी
अवामी लीग ने देशभर में लॉकडाउन और बंद का आह्वान किया है। इसके बाद पुलिस ने राजधानी ढाका में सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में शेख हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात के आसपास उनके ढाका स्थित घर से हिरासत में लिया गया।
अवामी लीग ने यह बंद पिछले साल विशेष ट्रिब्यूनल के उस फैसले की बरसी पर बुलाया था, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। हसीना पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया गया था।
हिंसा पर काबू पाने के लिए सरकार ने कई जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को भी तैनात किया है।
यूनुस के पुश्तैनी घर को क्यों बनाया गया निशाना?
चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग किसने लगाई और इसके पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, इस घटना को अवामी लीग और यूनुस के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक टकराव से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल के दौरान अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया और पार्टी के हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
यूनुस ने 8 अगस्त 2024 को अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ ली थी। उनके कार्यकाल के दौरान शेख हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित आवास को भी प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया था। वहां आगजनी और तोड़फोड़ हुई थी। बाद में इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।
फरवरी 2025 में हसीना विरोधी प्रदर्शनकारियों ने शेख मुजीबुर रहमान के आवास के बाहर भी तोड़फोड़ की थी। उनकी तस्वीर को नुकसान पहुंचाया गया और बुलडोजर से घर की बाउंड्री भी तोड़ी गई थी। इसके अलावा 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कई स्मारकों को भी नुकसान पहुंचने की खबरें आई थीं।
28 जिलों में बम धमाके और आगजनी
पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के 28 जिलों में देसी बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं हुई हैं। कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम दो BNP कार्यालयों और पार्टी के एक नेता के घर में आग लगाई गई।
वहीं, अवामी लीग के दो पार्टी कार्यालयों और पार्टी नेताओं की पांच संपत्तियों को भी निशाना बनाया गया। राजधानी ढाका में पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।
प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शहर में आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और वाहन चालकों से पूछताछ भी की जा रही है।
तारिक रहमान ने अवामी लीग के खिलाफ एकजुट होने की अपील की
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की दोबारा सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकी संगठन और सत्ता से हटाई गई फासीवादी ताकत बताया।
संसद में अपने संबोधन के दौरान तारिक रहमान ने कहा कि वर्ष 2024 की तरह एक बार फिर सभी को एकजुट होकर ऐसी ताकतों का मुकाबला करना होगा। उन्होंने BNP के सांसदों से अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटने और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहने को कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव
बांग्लादेश में 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनकी सरकार के दौरान अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया गया और पार्टी के हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
शेख हसीना फिलहाल भारत में रह रही हैं। उन्होंने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में स्वदेश लौटेंगी।
उनके इस ऐलान के बाद देश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। मौजूदा हिंसा को भी इसी राजनीतिक तनाव के बीच देखा जा रहा है।
हसीना के गृहनगर तुंगीपारा से शुरू हुआ तनाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंसा से पहले शेख हसीना के गृहनगर तुंगीपारा में तनाव बढ़ा था। मंगलवार को अवामी लीग का समर्थक होने के संदेह में कई युवाओं को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन को घेर लिया।
एक स्थानीय पत्रकार के अनुसार, उस समय थाने में करीब 30 संदिग्ध पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जाएगा।
बांग्लादेश में सुरक्षा बल अलर्ट
अवामी लीग के बंद के बीच लगातार हो रही हिंसा ने बांग्लादेश की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ढाका समेत कई जिलों में पुलिस और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवान तैनात किए गए हैं। राजनीतिक दलों के बीच बढ़ते टकराव के बीच अब सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती हिंसा पर नियंत्रण पाने और देश में शांति व्यवस्था बनाए रखने की है।