ट्रम्प की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल 6 महीने की जेल, ईरान की IRGC के लिए कर रहा था काम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, 48 वर्षीय आसिफ ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के लिए काम कर रहा था। उसे ट्रम्प की हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए अमेरिका भेजा गया था।
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित फेडरल कोर्ट ने आसिफ को आतंकवादी साजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश का दोषी ठहराया। इसके बाद जज एरिक आर. कोमिटी ने उसे सजा सुनाई।
जांच में सामने आया कि आसिफ की हिटलिस्ट में ट्रम्प के अलावा तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी शामिल थे। उसने एक नेता की हत्या कराने के लिए कथित हत्यारों को 5 हजार डॉलर (करीब 4.4 लाख रुपये) एडवांस भी दिए थे। हालांकि, जिन्हें वह हत्यारे समझ रहा था, वे FBI के अंडरकवर एजेंट थे।
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था ईरान
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस साजिश के पीछे ईरान के पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी। सुलेमानी जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए थे। ईरान उनकी मौत के लिए अमेरिका को जिम्मेदार मानता है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आसिफ ने पूछताछ और साजिश के दौरान ट्रम्प के साथ जो बाइडेन और निक्की हेली के नाम भी संभावित निशाने के तौर पर बताए थे। उस समय ये दोनों नेता भी राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल थे, लेकिन साजिश का मुख्य निशाना ट्रम्प थे।
ईरान में मिली ट्रेनिंग, अमेरिका में तलाशे हत्यारे
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, आसिफ करीब 2022 में IRGC के संपर्क में आया था। धार्मिक यात्रा के लिए ईरान जाने के दौरान उसकी मुलाकात संगठन के एक हैंडलर यूसुफ मेरहरदाद से कराई गई।
इसके बाद करीब डेढ़ साल के दौरान दोनों तेहरान में 15 बार मिले। इन मुलाकातों में आसिफ को खुफिया जानकारी जुटाने और गिरफ्तारी से बचने के तरीके सिखाए गए। उसे अमेरिका जाकर नेताओं की हत्या के लिए लोगों को तैयार करने का निर्देश दिया गया था।
आसिफ को खास तौर पर अपराधियों और माफिया से जुड़े लोगों को इस साजिश में शामिल करने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसकी योजना राजनीतिक रैली के दौरान ट्रम्प की हत्या कराने की थी।
2024 में अमेरिका पहुंचकर शुरू की साजिश
अप्रैल 2024 में ईरान में करीब एक सप्ताह बिताने के बाद आसिफ अमेरिका पहुंचा। वहां उसने हत्या की साजिश में मदद के लिए अपने एक परिचित से संपर्क किया। हालांकि, उस परिचित ने FBI को इसकी जानकारी दे दी और जांच एजेंसी की मदद करने लगा।
बातचीत की रिकॉर्डिंग में आसिफ ट्रम्प की हत्या की योजना समझाते और राजनीतिक रैली के दौरान उन्हें निशाना बनाने का तरीका बताते हुए सुनाई दिया। इसके बाद उसने कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया, जिन्हें वह हत्या के लिए तैयार हत्यारे समझ रहा था। दरअसल, वे सभी FBI के अंडरकवर एजेंट थे।
आसिफ इन एजेंटों से तीन बार मिला। इस दौरान उसने बताया कि वह विदेश में मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर एक नेता की हत्या करवाना चाहता है। इस काम के लिए उसने 5 हजार डॉलर एडवांस भी दिए। यह रकम उसे विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों की मदद से मिली थी।
आसिफ को 12 जुलाई 2026 को टेक्सास के रिचमंड में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय वह अमेरिका से बाहर जाने के लिए एयरपोर्ट रवाना होने वाला था।
ट्रम्प की चुनावी रैलियों पर रख रहा था नजर
जांच एजेंसियों को आसिफ के लैपटॉप, मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से कई अहम सबूत मिले। इनसे पता चला कि वह 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और ट्रम्प की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा था।
उसने इंटरनेट पर ट्रम्प की चुनावी रैलियों के बारे में जानकारी खोजी थी। इसके अलावा न्यू जर्सी में ट्रम्प की एक रैली की लोकेशन गूगल मैप पर भी सर्च की थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कासिम सुलेमानी की तारीफ और ट्रम्प व अमेरिका के खिलाफ पोस्ट भी मिलीं।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि अमेरिका अपने नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी संगठनों की साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
वहीं, FBI अधिकारियों ने कहा कि आसिफ की साजिश से देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा था। उनके मुताबिक, इस मामले में सुनाई गई सजा आतंकवाद और विदेशी संगठनों की साजिशों के खिलाफ अमेरिका की सख्त कार्रवाई को दिखाती है।