पाकिस्तान के बलूचिस्तान में फिर आतंकी हमला, बस से उतारकर 9 यात्रियों को मारी गोली
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में कुछ यात्रियों को अगवा कर बंदूक की नोक पर उनकी हत्या करने का मामला सामने आया है। अपहरण के बाद, इन लोगों को एक सुनसान जगह पर ले जाया गया और फिर नौ लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना बलूचिस्तान प्रांत की है। बलूचिस्तान प्रांत के प्रवक्ता शाहिद रिंद का कहना है कि अज्ञात हमलावरों ने गुरुवार शाम कई बसों से यात्रियों का अपहरण कर लिया। हमलावर लोगों को अपने साथ ले गए और उनकी हत्या कर दी।
एक अन्य सरकारी अधिकारी नवीद आलम ने बताया कि लोग रात में मृत पाए गए। उनके शरीर गोलियों से छलनी थे। अभी तक किसी भी आतंकवादी समूह ने हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। बता दें कि बलूच आतंकवादियों द्वारा पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं। इस हमले का शक बलूच विद्रोहियों पर है। दरअसल, बलूच विद्रोही पाकिस्तान के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन गए हैं। बलूच विद्रोही न केवल पाकिस्तान से आज़ादी की मांग कर रहे हैं, बल्कि अपनी ज़मीन पर चीनी परियोजनाओं का भी विरोध कर रहे हैं।
बलूचों का कहना है कि चीन उनके संसाधनों को लूट रहा है। बलूच विद्रोहियों ने बलूचिस्तान को चीन के शिनजियांग प्रांत से जोड़ने वाली सीपीईसी परियोजनाओं पर काम कर रहे चीनी श्रमिकों पर कई हमले भी किए हैं। बलूचिस्तान प्राकृतिक गैस, कोयला, तांबा और अन्य मूल्यवान खनिजों से भरपूर एक संसाधन संपन्न क्षेत्र है। बलूचों का मानना है कि पाकिस्तान और चीन मिलकर इन खनिजों को लूट रहे हैं और बलूचों का शोषण किया जा रहा है।
इससे पहले, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के आतंकवादियों ने 11 मार्च को क्वेटा से पेशावर जा रही जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन का अपहरण कर लिया था। इस दौरान ट्रेन में 440 यात्री सवार थे। आतंकवादी पाकिस्तान सरकार पर अपनी माँगें पूरी करने का दबाव बना रहे थे। इस घटना में आतंकवादियों ने 18 सुरक्षाकर्मियों समेत 26 लोगों की हत्या कर दी थी।