Pakistan Terror Attack: खनन रोकने जा रही पुलिस टीम पर आतंकियों का हमला, DSP समेत 11 जवानों की मौत; 12 घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया है। बुधवार को कोहाट जिले के गंबत इलाके में हुए इस हमले में एक DSP और एक सब-इंस्पेक्टर समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 जवान घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही थी। इसी दौरान कोहाट और करक के बीच दरबोकाच इलाके में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावर आसपास की पहाड़ियों में छिपे हुए थे। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस और हमलावरों के बीच भारी गोलीबारी हुई। हमले में पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया।
TTP पर हमले का आरोप, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई
हमले के बाद अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा जवानों को मौके पर भेजा गया। घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय टीचिंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन व्यवस्था लागू की गई।
पुलिस ने इस हमले के पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकियों का हाथ होने की आशंका जताई है। TTP को पाकिस्तानी तालिबान भी कहा जाता है। यह संगठन पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ सशस्त्र गतिविधियां चलाता है। इसका उद्देश्य पाकिस्तान में अपनी विचारधारा के मुताबिक शरिया कानून लागू करना है।
अवैध सोने की खुदाई रोकने के लिए प्रशासन ने उठाए थे कदम
कोहाट में लंबे समय से अवैध तरीके से सोना निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर रोक लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की थी। हमले से एक दिन पहले ही डिप्टी कमिश्नर ने खनन वाले इलाकों में 60 दिनों तक खुदाई की मशीनें खड़ी करने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
प्रशासन के मुताबिक, कुछ लोगों ने खनन क्षेत्रों के आसपास अपने घरों में खुदाई की मशीनें रखी हुई थीं। आशंका थी कि इन मशीनों का इस्तेमाल चोरी-छिपे सोना निकालने में किया जा सकता है। पहले भी कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन जारी रहने की शिकायतें सामने आई थीं।
इसके अलावा खुले डिब्बों और बोतलों में पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधन की बिक्री और खरीद पर भी रोक लगाई गई थी। अधिकारियों का कहना था कि इन ईंधनों का इस्तेमाल अवैध खनन के काम में किया जा रहा था।
खैबर पख्तूनख्वा में लगातार निशाने पर पुलिस
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले कुछ समय से पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले बढ़े हैं। अक्टूबर और नवंबर में भी कई घटनाओं में पुलिसकर्मियों की जान गई।
- 3 नवंबर: मोहम्मद जिले में अज्ञात बंदूकधारियों की गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों की मौत हुई और एक जवान घायल हो गया।
- 29 अक्टूबर: बाजौर जिले में पुलिस चौकी पर हमले में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई।
- 20 अक्टूबर: उत्तरी वजीरिस्तान में मीरानशाह बाईपास रोड के पास गोलीबारी में एक अतिरिक्त थाना प्रभारी (SHO) की जान चली गई।
- 7 अक्टूबर: कोहाट में पुलिस चेकपोस्ट पर हमले में सात पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
पाकिस्तान और TTP के बीच संघर्ष की वजह क्या है?
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और पाकिस्तानी सरकार के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। इसकी प्रमुख वजहों में पाकिस्तान की नीतियों, धार्मिक विचारधारा और अफगानिस्तान से जुड़े घटनाक्रम शामिल हैं।
- अमेरिका का साथ देने से नाराजगी: 2001 में अफगानिस्तान पर अमेरिकी हमले के बाद पाकिस्तान ने अमेरिका का समर्थन किया था। TTP ने इसका विरोध किया।
- शरिया कानून की मांग: TTP पाकिस्तान में अपनी कट्टरपंथी विचारधारा के अनुसार इस्लामी कानून लागू करना चाहता है और मौजूदा सरकार को इसका विरोधी मानता है।
- अफगान तालिबान से संबंध: TTP के अफगान तालिबान के साथ वैचारिक और संगठनात्मक संबंध बताए जाते हैं।
- 2021 के बाद तनाव: अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता वापसी के बाद पाकिस्तान और TTP के बीच सुरक्षा तनाव और बढ़ गया। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में TTP के ठिकानों को निशाना बनाने के आरोपों के साथ सैन्य कार्रवाई भी की है।
कोहाट में हुआ ताजा हमला पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक और बड़ी चुनौती बन गया है। खास बात यह है कि पुलिस टीम अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही थी, तभी उसे निशाना बनाया गया।