अब लगेगा ट्रम्प के टैरिफ और मुनीर की धमकियों का हिसाब, यहां पढ़े अगले महीने होने वाले PM Modi के US दौरे की पूरी डिटेल
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू हो रहा है। रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अमेरिका में चल रहे इस सत्र को पीएम मोदी संबोधित कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के वक्ताओं की सूची में पीएम मोदी का नाम भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक, उच्च स्तरीय आम बहस 23 से 29 सितंबर तक चलेगी। इसमें ब्राजील सत्र का पहला वक्ता होगा। उसके बाद अमेरिका की बारी होगी। बताया जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को इसी मंच से विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे। व्हाइट हाउस में अपने दूसरे कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र सत्र को यह उनका पहला संबोधन होगा।
वक्ताओं की सूची में भारत के शासनाध्यक्ष का नाम
महासभा के 80वें सत्र की बहस के लिए प्रस्तावित वक्ताओं की सूची के अनुसार, भारत के 'शासनाध्यक्ष (HG)' 26 सितंबर की सुबह सत्र को संबोधित करेंगे। इस संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की धमकियों का जवाब दे सकते हैं। गौरतलब है कि इज़राइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के राष्ट्राध्यक्ष भी इसी दिन यानी 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी इसी साल फरवरी में अमेरिका गए थे। इस दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। अब दोनों देशों के बीच संबंध बिगड़ गए हैं। ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है।
भारत सरकार ने भी टैरिफ पर अमेरिका को जवाब दिया है
बताया गया है कि रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर यह कार्रवाई की गई है। वहीं, इन टैरिफ पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत को निशाना बनाना अनुचित और नासमझी है। भारत ने साफ़ कहा है कि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह, भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाएगा। बता दें कि भारत पर टैरिफ़ लगाए जाने के बाद पाकिस्तान के सेना प्रमुख मुनीर अमेरिका गए थे। इस दौरान उन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी भी दी थी।