नेतन्याहू ने ईरान पर दोबारा हमले के लिए ट्रम्प पर बढ़ाया दबाव, वीडियो में जाने मोसाद प्रमुख को भेजा अमेरिका
इजराइल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरान के खिलाफ एक बार फिर सैन्य कार्रवाई शुरू करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख रोमन गोफमैन को अमेरिका भेजा है। बताया जा रहा है कि नेतन्याहू लगातार ट्रम्प के संपर्क में हैं और दोनों नेताओं के बीच ईरान को लेकर कई बार बातचीत हो चुकी है।
एक्सियोस और यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मोसाद प्रमुख रोमन गोफमैन शुक्रवार को वॉशिंगटन पहुंचे। यहां उनकी अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ से मुलाकात होनी है। इसके बाद गोफमैन मियामी जाएंगे, जहां वे ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से बातचीत करेंगे। इन मुलाकातों को ईरान के खिलाफ आगे की रणनीति और अमेरिका-इजराइल के बीच समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू पिछले कुछ दिनों से ट्रम्प को लगभग रोजाना फोन कर रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच 5 नवंबर को भी ईरान पर संभावित हमले को लेकर बातचीत हुई थी। नेतन्याहू चाहते हैं कि अमेरिका ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई करे, लेकिन फिलहाल ट्रम्प उनकी मांग पर सहमत होते नजर नहीं आ रहे हैं।
ईरान पर सैन्य हमले के बजाय आर्थिक दबाव की रणनीति
रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन फिलहाल ईरान पर बड़े सैन्य हमले के बजाय आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति अपना रहा है। इसके तहत समुद्र में ईरान नाकेबंदी जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि उसके व्यापार, निर्यात और कमाई पर असर पड़े। अमेरिका का मानना है कि आर्थिक दबाव के जरिए ईरान को कमजोर किया जा सकता है।इस रणनीति के बीच इजराइल की ओर से लगातार सैन्य कार्रवाई की मांग किए जाने से दोनों सहयोगी देशों के बीच रणनीतिक प्राथमिकताओं का अंतर भी सामने आ रहा है। जहां नेतन्याहू ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्प पर जोर दे रहे हैं, वहीं ट्रम्प फिलहाल आर्थिक दबाव बनाए रखने के पक्ष में बताए जा रहे हैं।
सऊदी अरब समेत खाड़ी देश फिलहाल हमले के पक्ष में नहीं
ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी कार्रवाई रोक सकता है, लेकिन उसके कुछ सहयोगी देश फिलहाल ऐसा नहीं चाहते। ट्रम्प के मुताबिक, सऊदी अरब ने उनसे कुछ समय तक मौजूदा स्थिति बनाए रखने का आग्रह किया है। सऊदी अरब का आकलन है कि ईरान पहले से कमजोर पड़ रहा है।
ट्रम्प ने यह भी संकेत दिया कि अन्य खाड़ी देश भी चाहते हैं कि अमेरिका इस समय कोई जल्दबाजी न करे। ऐसे में ईरान को लेकर अमेरिका के सामने सैन्य कार्रवाई और आर्थिक दबाव बनाए रखने के दो विकल्प हैं।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रम्प नेतन्याहू की मांग पर क्या फैसला लेंगे। हालांकि, मोसाद प्रमुख का अमेरिका दौरा और दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों के बीच प्रस्तावित बैठकें संकेत दे रही हैं कि ईरान का मुद्दा आने वाले दिनों में अमेरिका-इजराइल संबंधों की प्रमुख प्राथमिकताओं में बना रहेगा।