टेक्सास में कुदरत का कहर! भीषण बाढ़ से 100 से अधिक मौतें, कैंप मिस्टिक में तबाही के दृश्य देख कांप उठे लोग
टेक्सास के मध्य क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में 100 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई। कई लोग अभी भी लापता हैं। सबसे ज़्यादा प्रभावित केर काउंटी है, जहाँ कैंप मिस्टिक और दूसरे समर कैंप स्थित हैं। 84 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 28 बच्चे शामिल हैं।कैंप मिस्टिक, लड़कियों के लिए लगभग 100 साल पुराना ईसाई समर कैंप है, जो ग्वाडालूप नदी के किनारे स्थित है। कैंप ने घोषणा की है कि बाढ़ में उनके 27 कैंपर और काउंसलर मारे गए हैं। 10 लड़कियाँ और एक काउंसलर अभी भी लापता हैं।
बाढ़ का पानी इतनी तेज़ी से आया कि कैंप की झोपड़ियाँ और केबिन बह गए। भारी बारिश के कारण, नदी का जलस्तर 45 मिनट में 26 फ़ीट (करीब 8 मीटर) बढ़ गया, जिससे कई लोग सोते हुए ही बह गए।बचाव दल ग्वाडालूप नदी के किनारे दिन-रात तलाशी अभियान चला रहे हैं। वे हेलीकॉप्टर, ड्रोन, नाव और भारी उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मिट्टी और मलबे में दबी चीजें जैसे गद्दे, रेफ्रिजरेटर और डोंगी को हटाया जा रहा है।
केर काउंटी के शेरिफ लैरी लीथा ने कहा कि बचाव अभियान बेहद मुश्किल है क्योंकि इलाका ऊबड़-खाबड़ है। बारिश का खतरा बना हुआ है। अब तक 850 से ज़्यादा लोगों को बचाया जा चुका है, जिनमें से कई को हेलीकॉप्टर से निकाला गया।जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है, जीवित बचे लोगों के मिलने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। केर काउंटी के अलावा ट्रैविस, बर्नेट, केंडल, टॉम ग्रीन और विलियमसन काउंटी में भी 19 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।