होर्मुज में टैंकर पर मिसाइल जैसा प्रोजेक्टाइल हमला, वीडियो में जाने 5 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए
होर्मुज स्ट्रेट में शुक्रवार को एक कुवैत-फ्लैग वाले तेल टैंकर को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। हमले के बाद टैंकर पर सवार 5 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर तट पर पहुंचाया गया। भारतीय दूतावास ने ओमान के अधिकारियों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन को समन्वित किया। दूतावास ने सभी पांच भारतीयों के सुरक्षित होने की जानकारी दी और ओमानी अधिकारियों का आभार जताया।
यह घटना कच्चे तेल से लदे MT Kazimah III टैंकर के साथ हुई। यह जहाज कुवैत के झंडे के तहत संचालित हो रहा था और टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टैंकर को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया। हालांकि, उपलब्ध जानकारी में अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया।
ओमान के अधिकारियों ने रेस्क्यू में की मदद
भारतीय दूतावास ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। सभी पांचों को सुरक्षित तट पर पहुंचा दिया गया। इस दौरान ओमान के अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया। भारतीय मिशन ने उनके समर्थन और सहायता के लिए धन्यवाद दिया है।होर्मुज स्ट्रेट में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव के बीच व्यावसाक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। इस क्षेत्र से गुजरने वाले कई कमर्शियल जहाजों पर हाल के दिनों में हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भी भारत लगातार नजर रख रहा है।
4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक क्षेत्र में
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को बताया था कि फारस की खाड़ी में विभिन्न व्यावसायिक जहाजों पर 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय फारस की खाड़ी में भारत के झंडे वाले 6 कमर्शियल जहाज मौजूद हैं। इसके अलावा 6 विदेशी झंडे वाले जहाज भी क्षेत्र में हैं, जो भारत के लिए सामान लेकर जा रहे हैं। इन 12 जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं।विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय शिपिंग मंत्रालय इन जहाजों की आवाजाही और वहां मौजूद भारतीय नाविकों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ संपर्क में हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर नाविकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित की जा सके।
होर्मुज स्ट्रेट क्यों महत्वपूर्ण है?
होर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां से बड़ी मात्रा में तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय व्यापार होता है। ऐसे में इस मार्ग पर किसी भी तरह का सुरक्षा संकट वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है।भारत सरकार पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अपने नागरिकों और समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। ताजा घटना में पांच भारतीय नाविकों का सुरक्षित बचाव हो गया है, जबकि हमले के जिम्मेदार पक्ष की पहचान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।