बांग्लादेश जा रहा मिसाइल सामान जब्त: 100 मिसाइलें बनने की थी क्षमता, इंडोनेशियाई नौसेना को लाखों सिम मिलने की भी चर्चा
इंडोनेशिया की नौसेना ने चीन से बांग्लादेश जा रहे एक मालवाहक जहाज को जब्त किया है। जहाज में 405 टन सोडियम परक्लोरेट नाम का रासायनिक पदार्थ और लाखों बिना रजिस्ट्रेशन वाले खाली 4G SIM कार्ड मिले हैं। इंडोनेशियाई नौसेना के अधिकारियों के मुताबिक, इस केमिकल का इस्तेमाल रॉकेट और मिसाइल के प्रोपेलेंट बनाने में किया जा सकता है। जब्त की गई मात्रा से करीब 100 मिसाइलों के लिए सामग्री तैयार की जा सकती है।
बांग्लादेश के अखबार द बिजनेस स्टैंडर्ड (TBS) की रिपोर्ट के अनुसार, जहाज को 7 नवंबर 2026 को इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा में बेलावन के पास रोका गया था। इंडोनेशियाई नौसेना ने 20 नवंबर को इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में केमिकल और SIM कार्ड किसने मंगवाए थे और इन्हें बांग्लादेश में किसे सौंपा जाना था।
चीन से बांग्लादेश जा रहा था MV स्टार लाइन जहाज
जब्त किए गए जहाज का नाम MV स्टार लाइन है। यह अफ्रीकी देश कोमोरोस के झंडे के तहत चल रहा था। जहाज चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह की ओर जा रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज ने रास्ते में ईंधन भरवाने के लिए बेलावन के पास अपना रास्ता बदला था। इसी दौरान इंडोनेशियाई नौसेना के गश्ती जहाज KRI सिगालु-857 की नजर उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी।
नौसेना ने जहाज को रेडियो के जरिए रुकने का संदेश भेजा, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद गश्ती दल ने जहाज को रोककर उसकी तलाशी ली।
36 कंटेनरों की जांच में मिला 405 टन केमिकल
इंडोनेशियाई नौसेना की जांच में जहाज पर कुल 36 कंटेनर मिले। इनमें से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट रखा हुआ था। इसके अलावा 54 पैलेट में लाखों खाली और बिना रजिस्ट्रेशन वाले 4G LTE SIM कार्ड भी बरामद किए गए।
नौसेना के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सोडियम परक्लोरेट की मात्रा से करीब 100 मिसाइलों के लिए प्रोपेलेंट तैयार किया जा सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि जहाज पर तैयार मिसाइलें या मिसाइल का पूरा ईंधन मिला था। बरामद पदार्थ एक औद्योगिक रसायन है, जिसका इस्तेमाल कुछ रॉकेट और मिसाइल प्रोपेलेंट में किया जाता है।
जहाज का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड, दस्तावेजों में भी गड़बड़ी
तलाशी के दौरान जहाज के कागजात की भी जांच की गई। इसमें पता चला कि जहाज का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड था। इसके अलावा शिपिंग दस्तावेजों में भी अनियमितताओं की आशंका सामने आई।
नौसेना को जहाज की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद उसे आगे की जांच के लिए बेलावन स्थित नौसैनिक क्षेत्र में ले जाया गया। अब अधिकारी जहाज के चालक दल, कार्गो की सूची और दूसरे दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं।
किसने मंगवाया था केमिकल और SIM कार्ड?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 405 टन केमिकल और लाखों SIM कार्ड का असली मालिक कौन है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जहाज किस कंपनी का था, केमिकल किसने खरीदा था और बांग्लादेश में इसकी डिलीवरी किसे मिलनी थी।
सीमा शुल्क अधिकारियों के मुताबिक, किसी जहाज में लाए जा रहे सामान और उसके आयातक की जानकारी इंपोर्ट जनरल मैनिफेस्ट (IGM) में दर्ज होती है। इसी दस्तावेज और अन्य शिपिंग रिकॉर्ड के आधार पर जांच अधिकारी खेप के पीछे शामिल कंपनियों और लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
जहाज बांग्लादेश पहुंचने से पहले ही इंडोनेशिया में रोक लिया गया था। इसलिए अब यह पता लगाना जरूरी है कि इस खेप को किसने बुक किया था और इसके अंतिम खरीदार कौन थे।
क्या होता है सोडियम परक्लोरेट?
सोडियम परक्लोरेट एक रासायनिक पदार्थ है, जो आमतौर पर सफेद पाउडर या दानेदार रूप में मिलता है। इसे एक शक्तिशाली ऑक्सीकारक (Oxidising Agent) माना जाता है। इसका इस्तेमाल औद्योगिक प्रक्रियाओं के अलावा कुछ रॉकेट और मिसाइल प्रोपेलेंट, विस्फोटक तथा आतिशबाजी से जुड़े उत्पादों के निर्माण में किया जाता है।
यह रसायन अपने आप में न तो विस्फोटक है और न ही ईंधन। इसका काम जलने की प्रक्रिया को तेज करने में मदद करना है। इसी वजह से रॉकेट और मिसाइलों के कुछ प्रोपेलेंट में इसका इस्तेमाल किया जाता है। बड़ी मात्रा में इसके भंडारण और परिवहन के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था जरूरी होती है।
चीन से संवेदनशील सामग्री की खेप पकड़े जाने के मामले पहले भी आए
चीन से दूसरे देशों की ओर जा रही ऐसी सामग्री को लेकर पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
-
3 फरवरी 2020: भारत ने गुजरात के कांडला बंदरगाह पर चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज को रोका था। उसमें मिसाइल के पुर्जे बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीन मिली थी। जांच के बाद उसे जब्त कर लिया गया।
-
23 जनवरी 2024: मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर चीन से कराची जा रहे एक जहाज में मशीन बरामद हुई थी। भारतीय अधिकारियों को आशंका थी कि इसका इस्तेमाल पाकिस्तान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े पुर्जे बनाने में हो सकता है।
-
जनवरी-फरवरी 2025: मीडिया रिपोर्टों में चीन से ईरान के लिए सोडियम परक्लोरेट की बड़ी खेप भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी। इस केमिकल का इस्तेमाल मिसाइल प्रोपेलेंट बनाने में किया जा सकता है।
-
जुलाई 2026: यमन में सरकारी बलों ने चीन से पहुंची दो खेपों को पकड़ा था। अक्टूबर में सामने आई AP की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें रॉकेट मोटर और मिसाइलों की दिशा नियंत्रित करने से जुड़े पुर्जे शामिल थे।
फिलहाल इंडोनेशिया में जब्त MV स्टार लाइन जहाज की जांच जारी है। अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस खेप के असली मालिक, आयातक और अंतिम इस्तेमाल का पता लगाना है।