2 KM लंबी सुरंग में भीषण धमाका, फुटेज में देंखे 4.1 तीव्रता जैसे कांपे झटके
इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी 2 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सुरंग को विस्फोट कर तबाह कर दिया। सुरंग को उड़ाने के दौरान धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में 4.1 तीव्रता वाले भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए। लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विस्फोट के बाद कई इलाकों में जमीन हिलती हुई महसूस हुई।
सुरंग में मिला हथियारों का बड़ा जखीरा
इजराइली सेना के मुताबिक, यह सुरंग सिर्फ आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाला रास्ता नहीं थी, बल्कि हिजबुल्लाह का एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना थी। सुरंग परिसर से ईरान में बने कई रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन बरामद किए गए।इसके अलावा सैनिकों को मशीनगन, एंटी-टैंक मिसाइल और बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें व विस्फोटक भी मिले। इजराइली सेना का दावा है कि इस भूमिगत नेटवर्क का इस्तेमाल हथियारों को रखने और सैन्य गतिविधियों को संचालित करने के लिए किया जा रहा था।
दो दशक में तैयार हुआ था पूरा नेटवर्क
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने इस विशाल सुरंग नेटवर्क को तैयार करने में करीब दो दशक लगाए थे। इसका उद्देश्य दक्षिणी लेबनान में संगठन की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना और जमीन के नीचे सुरक्षित तरीके से हथियारों एवं लड़ाकों की आवाजाही करना था।इजराइली सेना के अनुसार, सुरंग परिसर में हिजबुल्लाह की ‘बद्र’ यूनिट का कमांड सेंटर भी मौजूद था। इस यूनिट को संगठन की महत्वपूर्ण सैन्य इकाइयों में गिना जाता है।
नेतन्याहू बोले- मिशन पूरा हुआ
सुरंग को तबाह किए जाने के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मिशन पूरा हुआ। हैप्पी न्यू ईयर।” उनके इस बयान को इजराइल की ओर से हिजबुल्लाह के खिलाफ की गई कार्रवाई की सफलता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।इजराइली सेना का कहना है कि सुरंग और उसके आसपास मौजूद सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट करना क्षेत्र में हिजबुल्लाह की गतिविधियों को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
धमाके से हिली जमीन
सुरंग में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक मौजूद होने के कारण उसे नष्ट करने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ। लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के अनुसार, धमाके के बाद आसपास के क्षेत्रों में जमीन हिलने जैसी स्थिति बनी। स्थानीय स्तर पर इसे 4.1 तीव्रता के भूकंप जैसे झटकों के रूप में महसूस किया गया।
इस कार्रवाई के बाद दक्षिणी लेबनान में तनाव और बढ़ने की आशंका है। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष में भूमिगत सुरंगों और हथियारों के भंडार को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इजराइल लगातार दावा करता रहा है कि हिजबुल्लाह ईरान के समर्थन से अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है।