सऊदी अरब पर बड़ा हवाई हमला: हूतियों के मिसाइल अटैक में 3 की मौत; यमन में 80 ठिकानों को तबाह कर लिया बदला
सऊदी अरब के दो बड़े एयरपोर्ट्स पर हूती विद्रोहियों ने ड्रोन और मिसाइल से हमले किए हैं। इन हमलों में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 36 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन यानी GACA ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।हमले 6 और 7 अक्टूबर को आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए। हूती विद्रोहियों ने दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है।इसके जवाब में यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई करने का दावा किया है।
विदेशी नागरिकों की भी मौत
आभा एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिला नागरिकों की मौत हुई। यहां 28 लोग घायल हुए हैं, जिनमें सऊदी अरब के अलावा बांग्लादेश और फिलीपींस के नागरिक भी शामिल हैं।वहीं, किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक सूडानी नागरिक की मौत हुई और 8 लोग घायल हुए। घायलों में 5 सऊदी नागरिक, 2 मिस्र के निवासी और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है।GACA के मुताबिक, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
हूतियों ने अरामको रिफाइनरी पर हमले का भी किया दावा
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सऊदी अरब में कई जगहों पर ड्रोन और मिसाइल हमले करने का दावा किया है। इनमें रबीघ स्थित सऊदी अरामको की तेल रिफाइनरी पर हमला भी शामिल है।हूतियों के मुताबिक, संगठन ने बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए तीन बड़े सैन्य अभियान चलाए।पहले अभियान में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाने का दावा किया गया। हूतियों का कहना है कि हमले का असर एयर ट्रैफिक पर पड़ा।दूसरे हमले में रबीघ स्थित अरामको की तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने और वहां आग लगने का दावा किया गया।
तीसरे अभियान में आभा एयरपोर्ट, खमिस मुशैत एयरबेस और असीर क्षेत्र के अकिफा कैंप को निशाना बनाने की बात कही गई। इसके अलावा नजरा और जिजान के कुछ महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले का भी दावा किया गया।हूती प्रवक्ता ने इन हमलों को यमन पर सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है।
सऊदी गठबंधन का दावा- मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म तबाह किया
हमलों के बीच यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया कि उसने रियाद पर मिसाइल हमला करने के लिए इस्तेमाल किए गए एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को नष्ट कर दिया है।गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल-मालिकी के मुताबिक, यह कार्रवाई यमन की राजधानी सना में की गई। उनका दावा है कि वहां सऊदी अरब पर एक और हमले की तैयारी की जा रही थी।
यमन में तेज हुआ हूतियों के खिलाफ अभियान
यमन में हूती विद्रोहियों और सरकारी बलों के बीच संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। यमनी सरकार को सऊदी अरब का सैन्य समर्थन मिल रहा है और उसका लक्ष्य हूतियों के कब्जे वाले इलाकों को वापस हासिल करना है।सितंबर में हूतियों ने लाल सागर के तट पर मोचा शहर और बाब अल-मंदेब के आसपास के कई अहम इलाकों पर कब्जा करने का दावा किया था। इससे रणनीतिक समुद्री रास्ते पर उनकी पकड़ मजबूत हुई।इसके बाद 5 अक्टूबर को सऊदी समर्थित यमनी सेना ने हूतियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया। सेना ने बाब अल-मंदेब के पास धुबाब और कई अन्य महत्वपूर्ण इलाकों पर दोबारा कब्जे का दावा किया। इसके बाद सरकारी बलों ने मोचा की ओर बढ़ने और शहर को भी हूतियों से वापस लेने का दावा किया।
हूतियों का दावा- सरकारी बलों पर 11 मिसाइल हमले
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में संगठन ने यमन में सरकारी बलों के 11 ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए।हूतियों के मुताबिक, बाब अल-मंदेब के पास सरकारी बलों के ठिकानों को निशाना बनाया गया और इन हमलों में कई लोग हताहत हुए। संगठन ने सऊदी समर्थित जायंट्स ब्रिगेड पर भी मिसाइल हमला करने का दावा किया है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संघर्ष तेज होने के बाद अब तक 270 से ज्यादा सरकारी सैनिकों और हूती लड़ाकों की मौत हो चुकी है।