×

‘ओवन जैसी सेल में बंद, अंधेरे में अकेला....' बहन के सामने इमरान खान ने बयाँ किया अपना दर्द, मुनीर पर लगाए गंभीर आरोप

 

रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार (2 दिसंबर, 2025) को अपनी बहन उज़मा खान से मुलाकात की। 20-25 मिनट की मुलाकात के दौरान इमरान खान ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और खुफिया एजेंसी ISI पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आसिम मुनीर को मानसिक रूप से बीमार और इतिहास का सबसे बेरहम तानाशाह बताया।

इमरान खान से मुलाकात के बाद उज़मा खान ने कहा कि उनके भाई शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं, लेकिन उन्हें गंभीर मानसिक यातना दी जा रही है। उज़मा खान से मुलाकात के बाद इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान पोस्ट किया, जिसमें भाई-बहन की बातचीत का ब्यौरा दिया गया।

पोस्ट में कहा गया कि इमरान खान के साथ जेल में जानवरों से भी बदतर बर्ताव किया जा रहा है और उन्हें वे सुविधाएं दी जा रही हैं जो आमतौर पर मौत की सजा पाए कैदियों को दी जाती हैं। PTI ने बताया, "इमरान खान को 850 दिनों से मनमाने ढंग से हिरासत में रखा गया है। जनरल आसिम मुनीर के तहत तानाशाही मिलिट्री शासन ने UN मंडेला प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। उन्हें अपने परिवार और वकीलों से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है।"

इमरान खान ने कहा कि आसिम मुनीर मानसिक रूप से बीमार, नैतिक रूप से भ्रष्ट हैं, और पाकिस्तान के कानूनी और संवैधानिक ढांचे को नष्ट करने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि आसिम मुनीर ने उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को झूठे आरोपों में जेल भेजने का आदेश दिया था और उन्हें गंभीर मानसिक यातना दी जा रही है।

इमरान खान ने कहा, "मुझे एक सेल में बंद कर दिया गया है और अकेले कैद में रखा गया है। चार हफ्तों से, मुझे किसी से मिलने नहीं दिया गया है। मुझे जेल में मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।" उन्होंने आगे कहा, "सेना ने मेरे खिलाफ सब कुछ किया है। अब उनके पास मुझे मारने के अलावा कोई चारा नहीं है।"

इमरान खान ने कहा कि उनकी हिरासत से जुड़े सभी एडमिनिस्ट्रेटिव मामलों को ISI कंट्रोल करती है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ, तो आर्मी चीफ और ISI के डायरेक्टर जनरल जिम्मेदार होंगे। इमरान खान ने कहा कि उनका सेल ओवन जितना गर्म था। वह पांच दिनों तक बिना बिजली के रहे और दस दिनों तक वहीं बंद रहे।