नेपाल में भूस्खलन से चौलानी नदी का रास्ता बंद, वीडियो में जाने निचले इलाकों में अलर्ट; अब तक 169 भारतीय सुरक्षित निकाले गए
नेपाल के दार्चुला जिले में शुक्रवार को हुए भारी भूस्खलन के बाद चौलानी नदी का प्रवाह बाधित हो गया है। नदी का रास्ता बंद होने से आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दरअसल, 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ और लैंडस्लाइड के बाद से नेपाल में राहत और बचाव अभियान जारी है। इस आपदा से कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
त्रिशूली बाजार से 5 साल के बच्चे समेत तीन भारतीयों को बचाया
नेपाल के त्रिशूली बाजार इलाके में राहत टीमों ने 5 साल के बच्चे समेत तीन भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कुल 169 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि 275 भारतीय अभी भी लापता हैं।
नेपाल में 1344 लोगों की मौत, 5300 से ज्यादा लापता
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से हालात गंभीर बने हुए हैं। अब तक करीब 1344 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राहत और बचाव दलों ने 12 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में 5300 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। वहीं, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 32 हजार से अधिक पहुंच चुकी है।
राहत-बचाव अभियान जारी
नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न राहत एजेंसियां लगातार बचाव कार्यों में जुटी हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने, भोजन, चिकित्सा और जरूरी सुविधाएं पहुंचाने का काम जारी है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।