☰
×

Job Scam: नौकरी के नाम पर 60 लड़कियों से मोबाइल ठगे, फार्महाउस ले जाकर रची पूरी साजिश
 

 

पाकिस्तान के कराची में नौकरी का झांसा देकर बड़ी संख्या में लड़कियों से मोबाइल फोन ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए करीब 60 लड़कियों को एक कार्यक्रम में स्टॉल संभालने की नौकरी का ऑफर दिया गया था। इसके बाद उन्हें कराची के बाहरी इलाके में एक फार्महाउस ले जाया गया और कंपनी की पॉलिसी का हवाला देकर सभी के मोबाइल फोन जमा करा लिए गए।
कुछ देर बाद आरोपी मोबाइल से भरा बैग लेकर बाइक से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
रोजाना 2 हजार पाकिस्तानी रुपये देने का था वादा
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लड़कियां नौकरी की तलाश में थीं और अधिकतर मिडिल-क्लास परिवारों से आती हैं। उन्हें एक सप्ताह तक कार्यक्रम में काम करने के बदले रोजाना 2,000 पाकिस्तानी रुपये देने के साथ अन्य सुविधाओं का भी भरोसा दिलाया गया था।
आरोपियों ने लड़कियों को बताया था कि उन्हें कराची के बाहर एक गेटेड कम्युनिटी में आयोजित कार्यक्रम में स्टॉल संभालने होंगे। इसी भरोसे के बाद लड़कियां बताए गए स्थान पर पहुंचीं।
कार्यक्रम के बजाय फार्महाउस पहुंचाया
30 सितंबर को लड़कियों को बहरिया टाउन ले जाने के बजाय कराची के बाहरी इलाके में स्थित एक फार्महाउस पहुंचा दिया गया। अचानक जगह बदलने से कुछ लड़कियां परेशान हो गईं।
एक पीड़िता के मुताबिक, मुख्य आरोपी और उसका साथी सामान्य व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने लड़कियों से कहा कि फार्महाउस में महिला कोऑर्डिनेटर से मुलाकात होगी और लंच के बाद सभी को बहरिया टाउन ले जाया जाएगा।
इसके बाद आरोपियों ने कंपनी की कथित पॉलिसी का हवाला देते हुए सभी के मोबाइल फोन जमा करा लिए। लड़कियों से कहा गया कि काम पूरा होने के बाद उनके फोन वापस कर दिए जाएंगे।
मोबाइल से भरा बैग लेकर बाइक से भागे
मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेने के बाद आरोपी अचानक वहां से निकल गए। वे मोबाइल से भरा बैग लेकर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद लड़कियों को समझ आया कि उनके साथ ठगी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन एक साथ लेकर फरार होने का मामला असामान्य है। जांच टीम अब आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अधिकारी मुहम्मद अली के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस को जानकारी मिली है कि वह कराची से निकलकर गुजरांवाला चला गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी के दो भाइयों को थाने लाकर पूछताछ की है। बताया गया है कि दोनों भाइयों ने फोन पर आरोपी से संपर्क कर उसे पुलिस के सामने सरेंडर करने के लिए कहा है। इसके अलावा एक महिला साथी को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद करने की कोशिश कर रही है।