ईरान की मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी को 74-74 कोड़ों की सजा, वीडियो में देंखे 8 सहयोगियों पर भी कार्रवाई; ऑनलाइन कॉन्सर्ट बना विवाद की वजह
। Iran से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मशहूर सिंगर Parastoo Ahmadi और उनके साथ काम करने वाले आठ अन्य लोगों को कड़े दंड की सजा सुनाई गई है। यह मामला एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट से जुड़ा है, जिसे लेकर देश की अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। रिपोर्ट के अनुसार, कोम प्रांत की अदालत ने परस्तू अहमदी और उनके सहयोगियों को 74-74 कोड़े मारने की सजा सुनाई है। इसके साथ ही सभी पर दो साल तक देश छोड़ने पर प्रतिबंध और किसी भी प्रकार की कलात्मक या सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने पर भी दो साल की रोक लगा दी गई है।
यह पूरा मामला एक यूट्यूब लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कलाकारों ने सार्वजनिक शालीनता (पब्लिक मोरैलिटी) के नियमों का उल्लंघन किया और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की।घटना दिसंबर 2024 की बताई जा रही है, जब 29 वर्षीय परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब पहने एक लाइव ऑनलाइन म्यूजिकल परफॉर्मेंस किया था। इस वीडियो के प्रसारित होने के बाद स्थानीय धार्मिक और कानूनी संगठनों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया।
अदालत ने अपने फैसले में कहा कि ऑनलाइन कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर “अश्लील सामग्री” प्रकाशित की गई थी और देश के सांस्कृतिक एवं नैतिक नियमों का उल्लंघन हुआ है। इसी आधार पर यह सख्त सजा सुनाई गई।इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बहस तेज हो गई है। मानवाधिकार संगठनों ने इस कार्रवाई पर चिंता जताई है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल बताया है। वहीं, ईरान में कुछ धार्मिक और सामाजिक समूहों ने अदालत के फैसले का समर्थन किया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान में सांस्कृतिक और धार्मिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में पहले भी सख्त कार्रवाई होती रही है, लेकिन इस बार की सजा की गंभीरता ने अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरी हैंफिलहाल इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे कलाकारों की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे देश के कानूनों के तहत जरूरी कार्रवाई करार दे रहे हैं।