ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी, वीडियो में जाने कहा- हमला हुआ तो अमेरिकी ठिकानों पर बरसेंगी मिसाइलें
मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना कमान ने अमेरिका को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर फारस की खाड़ी या होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाजों पर दोबारा हमला हुआ, तो अमेरिकी सैन्य ठिकानों और युद्धपोतों पर बड़ा हमला किया जाएगा।
IRGC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान अपनी समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है। बयान में कहा गया कि किसी भी उकसावे का जवाब “कड़ा और निर्णायक” होगा। इसी बीच ईरान की एयरोस्पेस फोर्स ने भी अलग पोस्ट में दावा किया कि उनकी बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन पहले से ही अमेरिकी ठिकानों और दुश्मन जहाजों पर लॉक किए जा चुके हैं। पोस्ट में कहा गया कि अब केवल हमला करने के आदेश का इंतजार है। इस बयान के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
दूसरी ओर, अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान के साथ संभावित समझौते और तनाव कम करने के लिए 14 पॉइंट वाला एक ड्राफ्ट तैयार किया है। बताया जा रहा है कि वॉशिंगटन अब तेहरान के आधिकारिक जवाब का इंतजार कर रहा है। हालांकि अमेरिकी प्रशासन की ओर से अभी तक इस ड्राफ्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है और यहां किसी भी सैन्य टकराव का असर वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी को दुनिया भर में गंभीरता से देखा जा रहा है।